कोरोना वायरस का खतरा अभी तक पूरी दुनिया से टला नहीं है। पिछले ढाई से इसका कहर जारी है। कोरोना का असर सिर्फ दिमाग पर ही नहीं बल्कि पूरी लाइफ स्टाइल पर पड़ रहा है। यह शरीर के अन्य अंगों को भी प्रभावित करता है। यह वायरस सिर्फ फेफड़ों को नहीं बल्कि दिल, दिमाग, किडनी, पेट और आंतों को भी डैमेज कर रहा है। कभी-कभी इसका प्रभाव सालों तक बना रहता है। यही वजह है कि एक्सपर्ट्स शरीर के किसी भी अंग से जुड़े लक्षणों को हल्के में नहीं लेने की सलाह दे रहे हैं।
एक्सपर्ट्स का कहना है कि कोरोना वायरस को शरीर में दाखिल होने के लिए एक विशेष प्रकार की रिसेप्टर कोशिकाओं (special type of receptor cells) की जरूरत होती है। जिन अंगों पर यह हमला करता है, उसमें रिसेप्टर्स होते हैं। जिसके जरिए यह वायरस शरीर में प्रवेश करता है, उस अंग को खराब कर देता है। ऐसे में इसके लक्षणों को जानना बहुत जरूरी है। ताकि इस महामारी से निपटा जा सके।
फेफड़ों को नुकसान पहुंच रहा है कोरोना
कोरोना सबसे पहले फेफड़ों पर ही अटैक करता है। कोरोना वायरस आमतौर पर श्वसन पथ (respiratory tract) के जरिए मानव शरीर को संक्रमित करता है। इसलिए फेफड़ों का डैमेज होना आम है। इसकी वजह से फेफड़ों में बहुत सारा मलबा और तरल पदार्थ जमा हो जाता है। यह फेफड़ों में हवा की थैली की दीवारों और अस्तर पर हमला करता है और उन्हें नुकसान पहुंचाता है। इससे सूजन आ जाती है। इसके सामान्य लक्षण अत्यधिक थूक उत्पादन, खांसी, छाती में जमाव और सांस लेने में कठिनाई है।
दिल पर हमला कर रहा है कोरोना
कोरोना वायरस दिल में एक्यूट कोरोनरी सिंड्रोम, कंजेस्टिव हार्ट फेल्योर, मायोकार्डिटिस और एरिथमिया पैदा कर सकता है। महामारी होने के बाद से कई मामले सामने आए हैं। जिन लोगों को पहले से ही दिल की समस्या है। उन्हें बेहद सतर्क रहने की जरूरत है। दिल की समस्याओं के सामान्य लक्षण सीने में जकड़न, ठंडा पसीना, सांस लेने में तकलीफ, अनियमित दिल की धड़कन और बाहों, गर्दन और जबड़े में परेशानी हो सकती है।
दिमाग पर असर कर रहा है कोरोना
कोरोना दिमाग (brain) को कई तरह से प्रभावित कर सकता है। कई मामलों में मरीजों के स्पाइनल फ्लूड और ब्रेन सेल्स में कोरोना वायरस देखा गया है। सेरेब्रल कॉर्टेक्स और ब्रेनस्टेम में कोरोना वायरस रिसेप्टर कोशिकाएं मौजूद होती हैं, जिनसे वायरस प्रवेश करता है। कोरोना में बनने वाले थक्के मस्तिष्क तक जाने वाली धमनियों को संकुचित कर सकते हैं। जिससे स्ट्रोक हो सकता है। दिमाग की समस्याओं से जुड़े कोरोना के सामान्य लक्षण दौरे, गंध और स्वाद की कमी, सिरदर्द, एकाग्रता की कमी, व्यवहार में बदलाव जैसे लक्षण नजर आ सकते हैं।
आंत को भी नहीं छोड़ रहा कोरोना
ओमीक्रोन के प्रकोप के बाद कई मरीजों में पाचन शक्ति की समस्या आई है। कोरोना वायरस शरीर के कई अंगों पर हमला कर रहा है। ऐसे में यह आशंका बनी रहती है कि यह आंतों पर भी हमला कर रहा है। एक्सपर्ट्स का कहना ह कि वायरस की वजह से गेस्ट्रोइंटेस्टाइनल ट्रैक बिगड़ रहा है। लोगों के पाचन तंत्र पर इसका असर पड़ रहा है। कोरोना का एक और दुर्लभ लक्षण जो पाचन तंत्र से जुड़ा है वो गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल ब्लीडिंग है।