Online Order Food App Scam: पिछले एक सप्ताह के अंदर ऑनलाइन फूड डिलीवरी ऐप से मंगाए गए खाने-पीने के समानों में अजीबोगरीब चीजें निकल रही हैं। देश के अलग-अलग राज्यों से ऐसे चौंकाने वाले मामले सामने आ रहे हैं, जो फूड सेफ्टी के तमाम दावों की पोल खोल रही हैं। ऑनलाइन डिलीवरी बॉक्स में जिंदा कोबर सांप, मरा हुआ चूहा और इंसान की कटी हुई हाथ की उंगली के बाद अब चिप्स के पैकेट में मरा हुआ मेंढक पाया गया है। ताजा मामला गुजरात के जामनगर का है, जहां आलू के चिप्स (पोटैटो वेफर्स में) के एक पैकेट में कथित तौर पर मरा हुआ मेंढक पाए जाने के बाद बुधवार को नगर निगम ने जांच के आदेश दे दिए हैं।
मुंबई के एक निवासी द्वारा ऑनलाइन ऑर्डर की गई आइसक्रीम में इंसान के उंगली का टुकड़ा मिलने के दावे के कुछ दिनों बाद यह शिकायत आई है। जामनगर नगर निगम के एक अधिकारी ने पीटीआई को बताया कि जांच के तहत आलू के चिप्स के पैकेट के उत्पादन बैच के सैंपल लिए जाएंगे।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी डी बी परमार ने पत्रकारों से बताया, "जैस्मीन पटेल नाम की एक युवती ने हमें सूचना दी कि बालाजी वेफर्स द्वारा निर्मित क्रंचेक्स के एक पैकेट में एक मृत मेंढक मिला है। हम कल रात उस दुकान पर गए, जहां से इसे खरीदा गया था। प्रारंभिक जांच से पता चला कि वास्तव में यह एक मरा हुआ मेंढ़क था, जो सड़ी हुई अवस्था में था।"
उन्होंने कहा, "नगर निगम आयुक्त के निर्देशानुसार, हम जांच के लिए आलू के चिप्स के पैकेटों के इस बैच के सैंपल एकत्र करेंगे।" पुष्कर धाम सोसायटी की निवासी पटेल ने दावा किया कि उनकी चार वर्षीय भतीजी ने मंगलवार शाम को पास की एक दुकान से पैकेट खरीदा था। उन्होंने कहा उनकी भतीजी ने मृत मेढ़क देखने से पहले उसने और उनकी नौ महीने की बच्ची ने कुछ आलू के चिप्स खा लिये थे।
अधिकारी ने कहा कि जैस्मीन ने हमसे बताया कि "मेरी भतीजी ने पैकेट को फेंक दिया.. जब उसने मुझसे बोला तो मुझे विश्वास नहीं हुआ, लेकिन मैं मरे हुए मेंढ़क को देख कर आश्चर्यचकित थी। जब बालाजी वेफ़र्स के वितरक और ग्राहक सेवा ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया, तो मैंने सुबह खाद्य सुरक्षा अधिकारी को सूचित किया।"
पैकेट से निकल रहे हैं हैरतअंगेज जानकर
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के एक कपल उस समय हैरान रह गए जब उन्होंने अमेजन से ऑनलाइन मंगाए गए सामान के पार्सल में एक जिंदा जहरीला सांप देखा। संदेह है कि यह कोबरा सांप था। कपल ने बताया कि सामान की पैकेजिंग के लिए चिपकाने वाली टेप में सांप चिपका हुआ था। रिपोर्ट के मुताबिक, गनीमत रही कि कोबरा सांप पैकेजिंग टेप में फंसा हुआ था। इसी वजह से वो कपल को नुकसान नहीं पहुंचा सका। अमेजन इंडिया के एक प्रवक्ता ने बुधवार को कहा कि कंपनी इस घटना की जांच कर रही है।
वहीं, आइसक्रीम में इंसान की कटी हुई उंगली और कनखजूरा मिलने के बाद अब इसी तरह की एक और घटना सामने आई है, जहां महिला को कथित तौर पर चॉकलेट सिरप की बोतल में मरा हुआ चूहा मिला है। मुंबई के मलाड में ऑनलाइन आइसक्रीम कोन ऑर्डर में एक इंसान की कटी हुई अंगुली मिली थी।