बिटकॉइन (Bitcoin) पर पैसा गंवाने पर, एक कॉलेज ड्रॉपआउट ने 'द फ्रस्ट्रेटेड ड्रॉप आउट' (The Frustrated Drop Out) नाम से एक चाय की एक दुकान (Tea Stall) शुरू कर दी। मजेदार ये है कि आप यहां चाय की पेमेंट बिटकॉइन या दूसरी क्रिप्टोकरेंसी में भी कर सकते हैं। अब ये चाय की टपरी क्रिप्टोकरेंसी (Cryptocurrency) इस्तेमाल करने वाले लोगों के लिए एक 'हैंगआउट अड्डा' बन गया है।
शुभम सैनी, इंदिरा गांधी यूनिवर्सिटी के पूर्व छात्र हैं। नौकरी की तलाश में शुभम बेंगलुरु आए और कुछ ही समय में वे क्रिप्टोकरेंसी से परिचित हो गए और क्रिप्टो मार्केट ट्रेड में रुचि लेना शुरू कर दिया।
2020 में, बाजार में 60% की गिरावट के बाद, कई और भी लोग ने भी सैनी की तरह ही क्रिप्टो कॉइंस को खरीदने के लिए अपनी सारी पॉकेट मनी का निवेश कर दिया था। सैनी कहा, "कुछ ही महीनों में, मैंने 1000% का उछाल देखा।" 1.5 लाख रुपए से, उनका क्रिप्टो वॉलेट बढ़कर 30 लाख रुपए हो गया।
इतना अच्छा मुनाफा देखते हुए, उन्होंने माता-पिता से पैसे मांगना बंद कर दिया, यहां तक कि अपने कॉलेज की फीस भी खुद ही भरने लगे और एक शानदार जीवन जीने लगे। इसके बाद उन्होंने आखिरी सेमेस्टर में कॉलेज भी छोड़ दिया और क्रिप्टो ट्रेडिंग में पूरी तरह से डूब गए।
हालांकि, अगले साल जैसे ही बाजार नीचे आया, सैनी के क्रिप्टो पोर्टफोलियो में 90% की गिरावट आई। उन्होंने Indian Express को बताया, "मैं वापस वहीं आ गया, जहां से मैंने शुरू किया था। 30 लाख रुपए से सीधा 1 लाख रुपए पर। मुझे विश्वास नहीं हो रहा था कि सिर्फ एक रात, मेरे जीवन में इतना कुछ बदल सकती है।"
उन्होंने कहा, "अब यह स्वाभिमान की बात थी, जैसा कि मैंने तेजी से पैसा बनाने के लिए ऑनलाइन साधन खोजे, अब कुछ भी समझ में नहीं आ रहा था।"
इस घटना ने 22 साल के उस लड़के को कुछ और करने के लिए मजबूर कर दिया। उन्होंने 'द फ्रस्ट्रेटेड ड्रॉप आउट' के नाम से चाय की एक छोटी से दुकान खोली। इसके बाद उन्हें P2P पेमेंट प्लेटफॉर्म का आइडिया आया।
जब ग्राहकों ने पहली बार बिटकॉइन के जरिए अपनी चाय की कीमत चुकाने की कोशिश की, तो शुभम हैरान भी थे और परेशान भी। चाय जैसी साधारण चीज खरीदने के लिए क्रिप्टो का इस्तेमाल करने की लोकप्रियता ने उनके इस काम को बढ़ने में मदद की है।
सैनी का दावा है कि औसतन, हर हफ्ते कम से कम 20 नए ग्राहक अपनी पेमेंट क्रिप्टोकरेंसी में करते हैं। उन्होंने indianexpress.com को बताया है कि वह क्रिप्टो पेमेंट लेने के लिए पैक्सफुल क्रिप्टो प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करते हैं।