एडटेक यूनिकॉर्न फिजिक्स वाला (PhysicsWallah's) के फाउंडर और सीईओ अलख पांडे प्रेमिका और पत्रकार शिवानी दुबे के साथ शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। दोनों की इसी महीने शादी होगी, जिसके बाद दिल्ली के एक लग्जरी 5-स्टार होटल में ग्रैंड रिसेप्शन होगा। अलख पांडे और उनकी प्रेमिका शिवानी दुबे ने पिछले साल मई में सगाई की थी।
फिजिक्स पढ़ाने के लिए किया था कॉलेज ड्रॉपआउट
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज शहर के रहने वाले अलख पांडे ने कानपुर के एक टीचिंग इंस्टीट्यूट में फिजिक्स पढ़ाने के लिए तीसरे साल में कॉलेज छोड़ दिया था। इसके बाद अलख पांडे ने PhysicsWallah की स्थापना की। उनके इस इंस्टीट्यूट में फिजिक्स, मैथ, बायोलॉजी और इकोनॉमिक्स जैसे सब्जेक्ट पढ़ाए जाते हैं। PhysicsWallah इंजीनियरिंग कॉलेजों में एडमीशन के लिए होने वाले एग्जाम JEE और मेडिकल कॉलेजों में एडमीशन के लिए होने वाले एग्जाम NEET की तैयारी करने वाले स्टुडेंट्स के बीच खासा फेमस है।
यूनिकॉर्न कंपनियों की लिस्ट में शामिल हो चुकी है PhysicsWallah
PhysicsWallah यूनिकॉर्न कंपनी की लिस्ट में शामिल हो चुकी है। कंपनी ने सीरीज ए फंडिंग में 100 मिलियन डॉलर जुटाए, जिस वजह से पिछले साल भारत में यह कंपनी यूनिकॉर्न्स कंपनियों की लिस्ट में शामिल हो चुकी है।
पिछले हफ्ते यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ से की थी मुलाकात
अलख पांडे ने पिछले हफ्ते उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की थी। अपनी इस मुलाकात में अलख पांडे ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ राज्य में शिक्षा प्रणाली के कई पहलुओं पर चर्चा करने और राज्य में शिक्षा की गुणवत्ता और पहुंच बढ़ाने के लिए आवश्यक सुधारों पर चर्चा की थी। दोनों ने पहले की तरह ही प्रयागराज को यूपी का कोचिंग हब बनाने के पहलुओं पर चर्चा की।
इस मुलाकात के बारे में अपने लिंकडिन पर एक पोस्ट करते हुए पांडे ने लिखा कि प्रयागराज, उत्तर प्रदेश से होने के नाते, मुझे हमेशा लगता था कि मुझे अपने होमटाउन के लिए कुछ करना चाहिए। योगी आदित्यनाथ जी के साथ आज की मुलाकात मेरे विचारों को हकीकत में बदलने की दिशा में एक और कदम था। हमने यूपी में बल्कि भारत में शिक्षा प्रणाली की दिशा के बारे में एक उत्कृष्ट चर्चा की।