PM Modi YouTube Subscribers: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने एक नया रिकॉर्ड बनाया है। पीएम मोदी दुनिया के पहले ऐसे नेता बन गए हैं, जिनके यूट्यूब चैनल पर 20 मिलियन सब्सक्राइबर्स है। इसे आसान शब्दों में समझें तो पीएम मोदी के यूट्यूब चैनल पर 2 करोड़ से भी ज्यादा यूजर्स जुड़ चुके हैं। यूट्यूब पर पीएम मोदी के चैनल पर रिकॉर्ड 450 करोड़ वीडियो व्यूज आ चुके हैं। पीएम मोदी YouTube पर 2 करोड़ सब्सक्राइबर्स हासिल करने वाले भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया के पहले राजनेता बन गए हैं।
पीएम का 'नरेंद्र मोदी यूट्यूब चैनल (Narendra Modi YouTube Channel)' व्यूज और सब्सक्राइबर्स के मामले में दुनिया के दिग्गज नेताओं के यूट्यूब चैनलों से कहीं आगे निकल गया है। बता दें कि पीएम मोदी लगातार सोशल मीडिया के सभी प्लेटफॉर्म पर एक्टिव रहते हैं। यही एक बड़ी वजह है कि उनके फॉलोअर्स की संख्या में ऑनलाइन तेजी से इजाफा हो रहा है।
इस यूट्यूब चैनल पर प्रधानमंत्री मोदी के संबोधनों की वीडियोज अपलोड की जाती हैं। साथ ही उनके लाइव प्रसारण संबोधन भी इस चैनल पर देखने को मिल जाता है। पीएम मोदी भारत या दुनिया में जहां भी किसी कार्यक्रम में शिरकत करते हैं, वहां का संबोधन इस चैनल पर देखा और सुना जा सकता है।
4.5 बिलियन (450 करोड़) वीडियो व्यूज के साथ पीएम नरेंद्र मोदी का चैनल सब्सक्राइबर्स, वीडियो व्यूज और राजनीतिक नेताओं द्वारा यूट्यूब पर पोस्ट किए जाने वाले वीडियो की गुणवत्ता के मामले में सबसे आगे है। पीएम मोदी के यूट्यूब चैनल पर करीब 23,000 से अधिक वीडियो अपलोड किए गए हैं।
यूट्यूब के अलावा पीएम के मोदी के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर 94 मिलियन से अधिक फॉलोअर हैं। जबकि इंस्टाग्राम पर 82.7 मिलियन फॉलोअर है। वहीं, फेसबुक पर पीएम मोदी के 48 मिलियन से अधिक फॉलोअर हैं।