दिल्लीः साढ़े 6 साल की ब्रेन डेड बच्ची ने अंग दान कर 5 लोगों को दी जिंदगी, AIIMS में बनी सबसे कम उम्र की ऑर्गन डोनर

नोएडा में 27 अप्रैल को अज्ञात हमलावरों ने बच्ची के सिर में गोली मार दी थी, दिल्ली स्थित एम्स में उसका इलाज चल रहा था

अपडेटेड May 19, 2022 पर 2:36 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
इस दुख की घड़ी में बच्ची के माता-पिता ने बड़ा साहस दिखाया है

दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में एक साढ़े 6 साल की बच्ची ने अंग दान कर पांच लोगों की जिंदगी बचाई है। इसके साथ ही रोली प्रजापति (Roli Prajapati) नाम की यह बच्ची एम्स के इतिहास में ऑर्गन डोनेट करने वाली सबसे कम उम्र की डोनर बन गई है।

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, नोएडा में 27 अप्रैल को अज्ञात हमलावरों ने रोली के सिर में गोली मार दी थी। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन जल्द ही वह कोमा में चली गई। फिर उसे दिल्ली के AIIMS में रेफर कर दिया गया।

माता-पिता ने दिखाया बड़ा साहस


एम्स में बच्ची का इलाज चल रहा था, जहां डॉक्टरों ने उसे ब्रेन डेड घोषित कर दिया। इस दुख की घड़ी में बच्ची के माता-पिता ने बड़ा साहस दिखाया है। उन्होंने अपनी बेटी के अंगों को दान करने का निर्णय लिया, जिससे 5 लोगों को जिंदगी मिली है।

ये भी पढ़ें- Assam Floods: असम में भारी बारिश के चलते रेलवे ने रद्द की ये ट्रेनें, यहां देखें पूरी लिस्ट

एम्स के सीनियर न्यूरोसर्जन डॉक्टर दीपक गुप्ता (Dr Deepak Gupta) ने एएनआई को बताया, ''साढ़े छह साल की बच्ची रोली 27 अप्रैल को अस्पताल पहुंची थी। उसके सिर पर गोली लगी थी और पूरा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था। बच्ची ब्रेन डेड की हालत में अस्पताल पहुंचीं थी। इसके बाद हमने उसका इलाज शुरू किया। इस दौरान डॉक्टरों के काफी समझाने पर बच्ची के माता-पिता अंग दान के लिए तैयार हो गए।"

बच्ची ने 5 लोगों की बचाई जान

डॉक्टर गुप्ता ने कहा जब रोली के माता-पिता सहमत हो गए तो उसके अंगदान ने 5 लोगों की जान बचाने में मदद की। बच्ची का लीवर, किडनी, कॉर्निया और हार्ट वॉल्व डोनेट किए गए। इसके साथ ही वह एम्स के इतिहास में सबसे कम उम्र की ऑर्गन डोनर बन गईं। गुप्ता ने कहा कि अंगदान के बारे में ज्यादा जानकारी न होने के बावजूद यह कदम उठाने के लिए हम माता-पिता के आभारी हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।