Sidhu Moose Wala Murder Case: तिहाड़ जेल में बैठे गैंगस्टरों ने ऐसे रची सिद्धू मूसेवाला की हत्या साजिश, शूटरों को दिए 3.5 लाख रुपये

Sidhu Moose Wala हत्याकांड को अंजाम देने के लिए दिल्ली की तिहाड़ जेल और विदेश में बैठे 3 गैंगस्टरों ने मिलकर 4 राज्यों से 8 किराए के शूटर जुटाए। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, कई महीनों में रची गई इस हत्याकांड की साजिश को अंजाम देने के लिए कुछ शूटरों को 3.5 लाख रुपये दिए गए

अपडेटेड Jun 16, 2022 पर 11:52 AM
Story continues below Advertisement
Sidhu Moose Wala की पंजाब के मानसा जिले में 29 मई को अज्ञात लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी

पंजाब के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (ADGP) प्रमोद बान ने मंगलवार को कहा कि मशहूर पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला (Sidhu Moose Wala) की हत्या के मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) लगातार प्रगति कर रही है। बता दें कि पंजाब विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले कांग्रेस में शामिल हुए गायक-राजनेता मूसेवाला की 29 मई को मानसा जिले में अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।

मूसेवाला की हत्या किए जाने के 18 दिन बाद भी पंजाब पुलिस किसी भी शूटर को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। पुणे पुलिस ने जरूर दो शूटरों को पकड़ा है और वे जल्द ही पंजाब लाए जाएंगे। पंजाब पुलिस को उम्मीद है कि मूसेवाला की हत्या की साजिश के कथित मास्टरमाइंड गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से चल रही पूछताछ में अहम खुलासा हो सकता है।

जेल में बैठे गैंगस्टरों ने रची मूसेवाला की हत्या साजिश


मूसेवाला हत्याकांड में अब एक नया खुलासा हुआ है। न्यूज 18 को अधिकारियों ने बताया कि इस हत्याकांड को अंजाम देने के लिए दिल्ली की तिहाड़ जेल और विदेश में बैठे 3 गैंगस्टरों ने मिलकर 4 राज्यों से 8 किराए के शूटर जुटाए। अंत में एक ड्रग एडिक्ट ने सिद्धू मूसेवाला की आखिरी मिनट की रेकी की, जिसके बदले में उसे केवल कुछ हजार रुपये मिलने की बात सामने आ रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, कई महीनों में रची गई इस हत्याकांड की साजिश को अंजाम देने के लिए कुछ शूटरों को 3.5 लाख रुपये दिए गए।

ये भी पढ़ें- Agnipath: योगी सरकार UP पुलिस और संबंधित सेवाओं में भर्ती के लिए 'अग्निवीरों' को देगी प्राथमिकता, CM योगी ने किया ऐलान

पंजाब पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने न्यूज 18 को बताया कि जल्द ही इस मामले को सुलझा लिया जाएगा। सभी आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर लेगी और हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियारों को भी बरामद करेगी। फिलहाल पुलिस हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियारों की भी तलाश कर रही है। माना जा रहा है कि आरोपियों द्वारा हथियारों को राज्य में कहीं जमीन में गाड़ दिए गए हैं।

पुलिस अब लगभग मान चुकी है कि मूसेवाला की हत्या के पीछे गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई (Gangster Lawrence Bishnoi) गिरोह का ही हाथ है। इस योजना में उसका मुख्य सहयोगी कनाडा में रहने वाला एक गैंगस्टर गोल्डी बराड़ और एक अन्य गैंगस्टर विक्रम बराड़ है। दिल्ली से लाए जाने के बाद अब बिश्नोई से पंजाब पुलिस गहन पूछताछ कर रही है, जबकि अन्य दो साजिशकर्ता विदेश में हैं। पुलिस का कहना है कि उन्हें वापस लाने के लिए राजनयिक और कानूनी प्रयास किए जा रहे हैं।

बिश्नोई को लेकर पंजाब पहुंची पुलिस

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से कड़ी सुरक्षा के साथ पंजाब पुलिस गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई को लेकर बुधवार तड़के पंजाब पहुंची, जहां उससे मूसेवाला हत्याकांड के सिलसिले में पूछताछ की जा रही है। बिश्नोई को बुधवार तड़के मानसा की एक अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 7 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।

दिल्ली के तिहाड़ जेल में बंद लॉरेंस को पटियाला हाउस कोर्ट की इजाजत के बाद पंजाब पुलिस ने पहले कस्टडी में ले लिया था, जिसके बाद कोर्ट ने ट्रांजिट रिमांड दे दिया। मंगलवार को दिल्ली की अदालत ने पंजाबी सिंगर एवं कांग्रेस नेता मूसेवाला की हत्या के मामले में पंजाब पुलिस को बिश्नोई की ट्रांजिट रिमांड दी थी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।