अब तक आपने सोशल मीडिया पर कई डिलीवरी एक्जीक्यूटिव के वीडियो देखे होंगे, कुछ हंसने हंसाने वाले और कुछ भावुक कर देने वाले भी, लेकिन इस बार Swiggy के एक डिलीवरी एक्जीक्यूटिव ने ट्रैफिक जाम से लोगों को निजात दिलाने के लिए खुद ही सड़क पर मोर्चा थाम लिया। इसके बाद ये शख्स सोशल मीडिया पर सबका दिल जीत रहा है।
इस वीडियो को एक LinkedIn यूजर ने शेयर किया है। वीडियो में डिलीवरी एक्जीक्यूटिव को 30 मिनट के ट्रैफिक जाम को दूर करने में मदद करते हुए और एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी की भूमिका निभाते हुए दिखाया गया है।
श्रीजीत नायर ने LinkedIn पर लिखा, "मैं 30 मिनट से ज्यादा समय तक ट्रैफिक में फंसा रहा और अचानक मैंने ट्रैफिक को चलते हुए देखा। मुझे थोड़ी राहत महसूस हुई। फिर जब मैं आगे पहुंचा, तब मुझे पता चला कि ये ट्रैफिक आगे कैसे बढ़ा।"
"तब मुझे स्विगी का एक स्टेटमेंट 'डिलीवरी हीरो' याद आया, और अब मुझे समझ में आया कि स्विगी इन्हें हीरो क्यों कहता है। उनके रोजमर्रा के कामों के अलावा, ये वही लोग हैं, जो हमें परेशानी मुक्त जीवन जीने में मदद करते हैं। सेल्यूट इस हीरो को!"
Swiggy ने भी इस पोस्ट का जवाब दिया और लिखा, "सभी हीरो केप नहीं पहनते, कुछ स्विगी जैकेट भी पहनते हैं!"
कई और लोगों ने भी डिलीवरी एक्जीक्यूटिव की कोशिशों की सराहना की। कुछ ने ये भी कहा कि इसे Swiggy से जोड़ने के बजाए, उस शख्स के व्यक्तित्व से जोड़कर देखा जाना चाहिए।
विग्नेश सी नाम के एक यूजर ने लिखा, "वास्तव में, यह स्विगी के कारण नहीं था। यह समाज के प्रति इस शख्स की व्यक्तिगत प्रतिबद्धता थी, और यह उनके माता-पिता ने सिखाया होगा, स्विगी ने नहीं। आपको इसका क्रेडिट लेने के बजाय इसे स्वीकार करना होगा।"
एक दूसरे यूजर आदित्य खजूरिया, रिलायंस रिटेल में मार्केटिंग के एक सीनियर मैनेजर ने कहा, "ये तो पता नहीं कि स्विगी का इससे कोई लेना-देना है या नहीं। इसे व्यक्तिगत 'वीरता' कहा जा सकता है। यह व्यक्ति कहीं और काम करते हुए भी ऐसा ही कर सकता है। तो, यह व्यक्ति सभी श्रेय का हकदार है।"