आईटी कंपनी विप्रो के पूर्व सीईओ और मैनेजिंग डायरेक्टर थिएरी डेलापोर्टे ने वित्त वर्ष 2024 में 2 करोड़ डॉलर (लगभग 166 करोड़ रुपये) से अधिक की कमाई की। इसने उन्हें लगातार दूसरे वर्ष आईटी इंडस्ट्री में सबसे अधिक वेतन पाने वाला सीईओ बना दिया। डेलापोर्टे ने 6 अप्रैल को विप्रो में अपने पद से इस्तीफा दे दिया। कंपनी ने उनकी जगह पर 32 साल के अनुभवी श्रीनिवास पल्लिया को नया सीईओ और मैनेजिंग डायरेक्टर नियुक्त किया।
यूएस सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन को फाइल की गई विप्रो (Wipro) की 20-F फाइलिंग्स के अनुसार, डेलापोर्टे ने वेतन और भत्ते के रूप में 39 लाख डॉलर से अधिक, कमीशन/वेरिएबल पे के रूप में 50 लाख डॉलर से अधिक, अन्य के रूप में क्लासिफाइड लगभग 70 लाख डॉलर और लॉन्ग टर्म कंपंजेशन के रूप में 40 लाख डॉलर से अधिक कमाए। वित्त वर्ष 2024 के लिए डेलापोर्टे के कंपंजेशन में 989,130 अनवेस्टेड स्टॉक विकल्पों की एक्सीलरेटेड वेस्टिंग की लागत और 43.3 लाख डॉलर की राशि का कैश कंपंजेशन शामिल है। कंपनी ने कहा कि उसने वित्त वर्ष 2024 के लिए पूर्व सीईओ पर 92.1 करोड़ रुपये की सेवरेंस संबंधी लागत खर्च की है।
Wipro के नए सीईओ पल्लिया को लगभग 50 करोड़ रुपये का वार्षिक पारिश्रमिक पैकेज मिलेगा। यह वित्त वर्ष 2025 के लिए भारतीय आईटी इंडस्ट्री में सीईओ के बीच दूसरा सबसे बड़ा पैकेज है। सीईओ का वेतन लगातार दूसरे वर्ष बढ़ा है, वह भी ऐसे समय में जब कंपनी का रेवेन्यू घट रहा है और सीईओ और ग्रेजुएट फ्रेशर्स के वेतन में असमानता बढ़ रही है।
दूसरी ओर, विप्रो के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन रिशद प्रेमजी इंक्रीमेंटल कंसोलिडेटेड शुद्ध लाभ पर 0.35 प्रतिशत के कमीशन के हकदार हैं। इसे कंपनी ने वित्तीय वर्ष के लिए घाटा दर्ज करने के कारण रोक दिया था। पूरे वित्त वर्ष 2024 के लिए, विप्रो का रेवेन्यू सालाना आधार पर 90,486 करोड़ रुपये से घटकर 89,760 करोड़ रुपये रह गया।
दूसरी बड़ी IT कंपनियों के CEO का कितना पैकेज
दूसरी आईटी कंपनियों के सीईओ के पैकेज की बात करें तो वित्त वर्ष 2023-24 के लिए इंफोसिस के सीईओ सलिल पारेख को वार्षिक पारिश्रमिक पैकेज में 56 करोड़ रुपये मिले। किसी आईटी कंपनी में अगले बेस्ट पेड सीईओ एचसीएलटेक के सी विजयकुमार हैं, जिन्होंने FY22-FY23 में 28.4 करोड़ रुपये कमाए। इसके बाद LTIMindtree ने इंडस्ट्री में सबसे अधिक भुगतान किया। इसके सीईओ देबाशीष चटर्जी ने वित्त वर्ष 2022-23 में वेतन में 17.5 करोड़ रुपये प्राप्त किए।
टेक महिंद्रा के मोहित जोशी को 6.5 करोड़ रुपये का वार्षिक फिक्स्ड कंपंजेशन और इतनी ही राशि का एनुअल वेरिएबल पे मिलेगा। टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के सीईओ और एमडी के कृतिवासन ने वित्त वर्ष 2024 में सालाना कंपंजेशन के रूप में 25.36 करोड़ रुपये प्राप्त किए, जो बड़ी आईटी कंपनियों में सबसे कम है।