मध्य प्रदेश में सड़कों की खराब स्थिति को उजागर करने के लिए लोगों ने एक अनूठा तरीका खोज निकाला। मध्य प्रदेश के अनूपपुर (Anuppur, Madhya Pradesh) में लोगों ने प्रशासन के खिलाफ खराब सड़कों को लेकर प्रदर्शन धरना देकर या मोर्चा निकालकर नहीं किया। बल्कि उन्होंने उन्हीं सड़कों पर बने विशाल गड्ढों में बैठकर गोवा स्टाइल में पार्टी कर अपना विरोध दर्ज कराया। इस अनोखे विरोध प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
दरअसल, अनूपपुर जिले के लोग गड्ढों से तंग आ चुके हैं। जब भी क्षेत्र में भारी बारिश होती है तो सड़कों की स्थिति खराब हो जाती है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्थानीय लोगों ने सड़क की मरम्मत कराने की शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।
अनूपपुर के अंतिम छोर और बिजुरी-मनेंद्रगढ़ को जोड़ने वाली इस सड़क पर विशाल गड्ढा बन चुका है। मानसून ने जैसे ही दस्तक दी, सड़क के गड्ढे में पानी भर गया। शहरवासियों ने प्रशासन से इसकी शिकायत कर थक गए तब उन्होंने अपने अनोखे प्रदर्शन से सबका ध्यान अपनी तरफ खींचा।
इसलिए इस मुद्दे को प्राधिकरण के सामने लाने के लिए स्थानीय लोगों को जिले में गड्ढों के अंदर पार्टी करते, शराब पीते और नाचते हुए देखा गया। स्थानीय लोगों ने सड़क की खराब स्थिति के विरोध में यह अनोखा तरीका निकाला, क्योंकि इस साल इस क्षेत्र में पंचायत और शहरी निकाय चुनाव होने जा रहे हैं।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि लोग सड़क पर ही गोवा का अनुभव ले रहे हैं। उन्होंने गड्ढे में कुर्सी रख दी और अगल-बगल पौधे लगा दिए। गोवा के बीच का फील लेने के लिए कुर्सी पर बैठे लोग टोपी और चश्मा भी लगाए नजर आ रहे हैं।
साथ में गड्ढे में कुर्सी लगाकर खाने-पीने का भी लुत्फ उठा रहे हैं। मजेदार बात ये है कि उनके पास म्यूजिक सिस्टम भी लगा है, जिसमें गाने बज रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार, अनूपपुर से बिजूरी मनेंद्रगढ़ रोड पर काफी गड्ढे हैं, जिसकी वजह से उसपर चल पाना मुश्किल हो चुका है। ऐसे में लोगों ने प्रशासन की आंखें खोलने के लिए यह अनोखा तरीका खोज निकाला।