12 अगस्त यानी से इस महीने के पहले लंबे वीकेंड की शुरुआत हो रही है। ऐसे में कई सारे लोगों का प्लान फैमिली या दोस्तों के साथ एक शानदार और बढ़िया सी ट्रिप पर जाने का हो सकता है। अगर इस लंबे वीकेंड पर आप भी अपने दोस्तों या फैमिली के साथ कहीं घूमने का प्लान बना रहे हैं और आप देश की राजधानी दिल्ली के निवासी हैं तो यह खबर आपके काम आ सकती है। इस खबर में हम आपको कुछ ऐसे डेस्टिनेशंस के बारे में बताने जा रहे हैं जो दिल्ली से काफी नजदीक होने के साथ ही साथ काफी सस्ते भी हैं। आइये डालते हैं एक नजर दिल्ली से सटे इन लोकेशंस पर।
चकराता उत्तराखंड के गढ़वाल इलाके की पहाड़ियों के बीच बसा एक खूबसूरत और छोटा सा हिल स्टेशन है। यहां पर आप पहाड़ों की दिलकश खूबसूरती और वादियों में फैले घने जंगलों का लुत्फ उठा सकते हैं। इसके अलावा यहां पर भारत के सबसे ऊंचे झरनों में से एक टाइगर फॉल भी है। इसके अलावा यहां पर कई सारे सेब के बगीचे हैं।
मुक्तेश्वर भी उत्तराखंड की पहाड़ियों के बीच बसा एक खूबसूरत और छोटा सा हिल स्टेशन है। यहां पर आपको हिमालय का बेहद ही खूबसूरत नजारा देखने को मिलेगा। यहां पर भगवान शिव का बेहद प्रसिद्ध मंदिर मुक्तेश्वर मंदिर भी है। इसके अलावा मुक्तेश्वर में खुबानी और आड़ू के बगीचे भी हैं।
खज्जिहार हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में बसा एक छोटा सा हिल स्टेशन है। इसे भारत का मिनी स्विटजरलैंड भी कहा जाता है। प्रकृति प्रेमियों के लिए यह जगह किसी जन्नत से कम नहीं है। यहां पर खूबसूरत वादियों का लुत्फ उठाने के अलावा खज्जिहार मंदिर की सैर भी कर सकते हैं।
मांडवा राजस्थान के शेखावटी रीजन में स्थित एक कस्बा है। यहां पर आपको कई सारी काफी खूबसूरत हवेलियां दिखाई देंगी। जो कि आपको राजस्थान के राजपूताना कल्चर की एक झलक प्रदान करती हैं। इसके अलावा यहां के बाजार में आपको कई सारी चीजें मिलेंगी। आपको पूरा बाजार ही रंग बिरंगा दिखाई देगा। साथ ही यहां पर मांडवा किला भी है जिसे कि अब हेरिटेज होटल में बदल दिया गया है।
चैल हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में स्थित एक छोटा सा हिल स्टेशन है। यहां पर आपको कई सारी छोटी, खूबसूरत पहाड़ियां और खूबसूरत झरने मिलेंगे। यहां के लोकल मार्केट में घूमने के अलावा आप यहां के फेमस चैल पैलेस की सैर भी कर सकते हैं। इसके अलावा यहां पर सेब के खेत भी हैं।