Weather update: इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) के अनुसार, दक्षिण ओडिशा में स्थित चार जिलों में अगले पांच दिनों तक भारी बारिश होने की संभावना है। ये चार जिले कालाहांडी, कंधमाल, गंजम और बौध हैं। साथ ही, मौसम विभाग ने अन्य 13 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में रायगढ़, पुरी, खुर्दा, नबरंगपुर, नुआपाड़ा, कोरापुट, बलांगीर, बरगढ़, झारसुगुड़ा, संबलपुर, सुंदरगढ़, क्योंझर और गंजम शामिल हैं। इसके अलावा दिल्ली में शनिवार तक बारिश होने की संभावना है।
समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए IMD वैज्ञानिक उमाशंकर दास ने कहा कि ओडिशा के गंजम जिले में पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक 130.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है। इसके बाद केंद्रपाड़ा में 93.4 मिमी और सुंदरगढ़ में 78 मिमी बारिश हुई है।
इसके अलावा, मौसम विभाग ने बताया कि जिन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी की गई है, उनमें लगभग 12-20 सेमी बारिश होने की संभावना है। जबकि येलो अलर्ट वाले 13 से अधिक जिलों में अगले 24 घंटों में लगभग 7-10 सेमी बारिश होने की संभावना है।
देश भर में हो रही है बारिश
इस बीच, IMD ने अपने लेटेस्ट बुलेटिन में कहा है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून ने गति पकड़ ली है, जिससे देश के कई हिस्सों में अधिक बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने कहा कि अगले पांच दिनों तक देश के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में बारिश होने की उम्मीद है।
मौसम विभाग की ओर से आज के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। राजस्थान के कई इलाकों में मानसून बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। मध्य प्रदेश के 15 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इन राज्यों ेमें भारी बारिश के आसार
IMD के मुताबिक, उत्तराखंड में 5 से 9 जुलाई तक भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका जताई गई। मुंबई में शुक्रवार तक झमाझम बारिश जारी रहने के आसार हैं।
पूर्वोत्तर भारत, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, आंतरिक ओडिशा, छत्तीसगढ़ के शेष हिस्सों, पूर्वी मध्य प्रदेश, दक्षिण झारखंड, तेलंगाना के शेष हिस्सों, लक्षद्वीप, उत्तराखंड, जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून के पश्चिम मध्य प्रदेश, गुजरात, कोंकण, गोवा, तटीय कर्नाटक और केरल के कुछ हिस्सों में सक्रिय रहने की उम्मीद है। इन क्षेत्रों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है।
साथ ही दक्षिण छत्तीसगढ़, तेलंगाना के कुछ हिस्सों, विदर्भ, मराठवाड़ा, उत्तरी मध्य महाराष्ट्र, दक्षिण राजस्थान, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह समूह में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर मूसलाधार बारिश हो सकती है।