Go Digit General Insurance IPO: इंश्योरटेक स्टार्टअप 'गो डिजिट जनरल इंश्योरेंस' के IPO का 17 मई को आखिरी दिन है। यह इश्यू 15 मई को खुला था। इस स्टार्टअप में विराट कोहली और अनुष्का शर्मा का भी पैसा लगा हुआ है। आखिरी दिन अब तक यह IPO ओवरऑल 9.54 गुना सब्सक्राइब हुआ है। क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 12.56 गुना, नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 7.15 गुना और रिटेल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 4.06 गुना भरा है।
IPO में 75 प्रतिशत हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए, 10 प्रतिशत हिस्सा रिटेल इनवेस्टर्स के लिए और 15 प्रतिशत हिस्सा नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व है। IPO के लिए प्राइस बैंड 258-272 रुपये प्रति शेयर और लॉट साइज 55 शेयर रखा गया है। कंपनी का इरादा करीब 2615 करोड़ रुपये जुटाने का है। Go Digit के शेयरों की लिस्टिंग BSE और NSE पर 23 मई को होगी। IPO खुलने से पहले इसने 56 एंकर निवेशकों से 1176 करोड़ रुपये जुटाए।
Go Digit की वैल्यूएशन 1 अरब डॉलर से ज्यादा
Go Digit की शुरुआत साल 2016 में हुई थी। इसे डिजिट जनरल इंश्योरेंस भी कहा जाता है। यह हेल्थ, कार, ट्रैवल, प्रॉपर्टी, मोबाइल, ज्वैलरी समेत अन्य जनरल इंश्योरेंस उपलब्ध कराती है। कंपनी की वैल्यूएशन 1 अरब डॉलर से ज्यादा है। अप्रैल-दिसंबर 2023 की अवधि में गो डिजिट का रेवेन्यू 130.83 करोड़ रुपये रहा। इस दौरान शुद्ध मुनाफा 129 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।
IPO के लिए आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज लिमिटेड, मॉर्गन स्टेनली इंडिया कंपनी प्राइवेट लिमिटेड, एक्सिस कैपिटल लिमिटेड, एडलवाइस फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड, एचडीएफसी बैंक लिमिटेड और आईआईएफएल सिक्योरिटीज लिमिटेड, बुक रनिंग लीड मैनेजर हैं। रजिस्ट्रार, लिंक इनटाइम इंडिया प्राइवेट लिमिटेड है।
Go Digit General Insurance IPO में 1,125 करोड़ रुपये के 4.14 करोड़ नए शेयर जारी हो रहे हैं। साथ ही 1,489.65 करोड़ रुपये के 5.48 करोड़ शेयरों का ऑफर फॉर सेल (OFS) है। कंपनी के प्रमोटर कामेश गोयल, GoDigit Infoworks Services Private Limited, Oben Ventures LLP और FAL Corporation हैं। GoDigit Infoworks Services की 83.3 प्रतिशत हिस्सेदारी है। IPO में विराट कोहली और अनुष्का शर्मा शेयरों की बिक्री नहीं कर रहे हैं। GoDigit Infoworks और अन्य मौजूदा शेयरहोल्डर्स ने शेयरों को बिक्री के लिए रखा है। IPO में नए शेयरों को जारी करके मिले पैसों का इस्तेमाल कंपनी के कैपिटल बेस को बढ़ाने, सॉल्वेंसी मार्जिन को बनाए रखने और सामान्य कंपनी उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।
कनाडा के अरबपति प्रेम वत्स का भी लगा है पैसा
Go Digit में कनाडा के अरबपति प्रेम वत्स के फेयरफैक्स ग्रुप का पैसा भी लगा हुआ है। फेयरफैक्स फाइनेंशियल होल्डिंग्स के मालिकाना हक वाली FAL Corporation की Go Digit की पेरेंट कंपनी Go Digit Info Works Services में 45.3% हिस्सेदारी है। कंपनी के फाउंडर कामेश गोयल की हिस्सेदारी 14.96% और Oben Ventures LLP की 39.79% है।
ग्रे मार्केट में क्या है शेयर का भाव
investorgain.com के मुताबिक, ग्रे मार्केट में गो डिजिट के शेयर IPO के अपर प्राइस बैंड 272 रुपये से 9 रुपये या 3.31 प्रतिशत के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहे हैं। ग्रे मार्केट एक अनऑथराइज्ड मार्केट है, जहां किसी कंपनी के शेयर, उसकी स्टॉक मार्केट में लिस्टिंग तक ट्रेड करते हैं।