Delhi Lok Sabha Elections 2024: क्या दिल्ली में फिर क्लीन स्वीप करेगी BJP या AAP-कांग्रेस गठबंधन बिगाड़ेगा खेल? जानें सियासी गणित
Delhi Lok Sabha Elections 2024: केंद्र में सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी ने आम चुनाव के लिए दिल्ली की 5 सीटों पर भी उम्मीदवारों के नाम तय किए हैं। दिल्ली में कुल 7 लोकसभा सीटें हैं। तमाम सर्वे के मुताबिक इन सभी सातों सीटों पर बीजेपी को एक बार फिर जीत मिल सकती है। हालांकि, इस बार का मुकाबला थोड़ा अलग होने वाला है, क्योंकि राजधानी में AAP और कांग्रेस मिलकर चुनाव लड़ी रही हैं
Delhi Lok Sabha Elections 2025: राजधानी में AAP और कांग्रेस मिलकर चुनाव लड़ी रही हैं
Delhi Lok Sabha Elections 2024: लोकसभा चुनाव 2024 की तारीखों का ऐलान कभी भी हो सकता है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली का आम चुनाव इस बार काफी दिलचस्प होने वाला है। केंद्र में 10 साल से सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने लोकसभा चुनावों के लिए 195 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। BJP ने आम चुनाव के लिए दिल्ली की 5 सीटों पर भी उम्मीदवारों के नाम तय किए हैं। दिल्ली में कुल सात लोकसभा सीटें हैं। तमाम सर्वे के मुताबिक इन सभी सातों सीटों पर बीजेपी को एक बार फिर जीत मिल सकती है। हालांकि, इस बार का मुकाबला थोड़ा अलग होने की उम्मीद है, क्योंकि राजधानी में AAP और कांग्रेस मिलकर चुनाव लड़ी रही हैं। बता दें कि लोकसभा चुनाव अप्रैल-मई में प्रस्तावित है।
2019 में किसे कितनी सीटें मिली थीं?
राजधानी में कुल 7 लोकसभा की सीटें हैं, जो केंद्र शासित प्रदेशों की लिस्ट में सबसे अधिक सीट वाली राज्य है। 2019 में दिल्ली के आम चुनाव में केंद्र में सत्तारुढ़ बीजेपी ने सभी 7 सीटों पर जीत हासिल कर AAP और कांग्रेस के उम्मीदवारों को हराकर क्लीन स्वीप किया था। भगवा पार्टी ने 2019 के लोकसभा चुनाव कुल 56.9 प्रतिशत वोट हासिल किए, जबकि कांग्रेस 22.5 फीसदी और AAP 18.1 फीसदी वोटों के साथ दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं। वहीं, 2014 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी का वोट शेयर 46.40 फीसदी रहा था। जबकि करीब 33 फीसदी वोट आम आदमी पार्टी को मिले थे।
लोकसभा सीट
विजेता
पार्टी
दक्षिणी दिल्ली
रमेश बिधूड़ी
BJP
पूर्वी दिल्ली
गौतम गंभीर
BJP
उत्तर पूर्वी दिल्ली
मनोज तिवारी
BJP
उत्तर पश्चिम दिल्ली
हंसराज हंस
BJP
चांदनी चौक
डॉ. हर्षवर्धन
BJP
नई दिल्ली
मीनाक्षी लेखी
BJP
पश्चिमी दिल्ली
प्रवेश वर्मा
BJP
इस बार का चुनाव क्यों है अलग?
इस बार का इलेक्शन इसलिए अलग होने वाला है, क्योंकि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने आगामी लोकसभा चुनाव गठबंधन में लड़ने का ऐलान किया है। इसके तहत दिल्ली में AAP चार और कांग्रेस तीन सीटों पर चुनाव लड़ेगी। AAP दक्षिणी दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, पूर्वी दिल्ली और नई दिल्ली लोकसभा सीट पर उम्मीदवार उतारेगी, जबकि कांग्रेस चांदनी चौक, उत्तर पश्चिम दिल्ली और उत्तर पूर्वी दिल्ली सीट पर चुनाव लड़ेगी। पिछले लोकसभा चुनाव में सभी सीट भारतीय जनता पार्टी ने जीती थीं।
BJP का राजधानी में नया प्रयोग
BJP ने पूर्व केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी स्वराज को नई दिल्ली लोकसभा सीट से और निवर्तमान सांसद मनोज तिवारी को उत्तर-पूर्वी दिल्ली से आगामी लोकसभा चुनाव के लिए मैदान में उतारा है। जबकि पार्टी ने निवर्तमान सांसद मीनाक्षी लेखी, हर्षवर्धन, प्रवेश वर्मा और रमेश बिधूड़ी का टिकट काट दिया है। पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर और हर्षवर्धन ने लिस्ट जारी होने से पहले ही एक ट्वीट में सक्रिय राजनीति से अलग होने का इशारा कर दिया था।
दक्षिणी दिल्ली की पूर्व मेयर और बीजेपी की दिल्ली इकाई की महासचिव कमलजीत सहरावत पश्चिमी दिल्ली से चुनाव लड़ेंगी। सहरावत को दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा के बेटे और दो बार के निवर्तमान सांसद प्रवेश वर्मा की जगह टिकट दिया गया है। सहरावत जाट समुदाय से हैं। बीजेपी ने फिलहाल पूर्वी दिल्ली और उत्तर पश्चिम दिल्ली से अपने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है।
भड़काऊ भाषण देने वाले नेताओं पर चाबुक
एक और आश्चर्यजनक कदम में बीजेपी ने दक्षिण दिल्ली से दो बार के सांसद रमेश बिधूड़ी के बजाय दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता रामवीर सिंह बिधूड़ी को इस सीट से टिकट दिया। रामवीर सिंह बिधूड़ी दक्षिणी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र के बदरपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। दिल्ली प्रदेश बीजेपी नेताओं ने अनुमान जताया कि संसद में बहुजन समाज पार्टी (BSP) के एक सांसद के प्रति रमेश के व्यवहार से जुड़े हालिया विवाद के कारण उन्हें अपना टिकट गंवाना पड़ा।
सुप्रीम कोर्ट की वकील और दिल्ली बीजेपी की सचिव बांसुरी स्वराज को पार्टी ने नई दिल्ली सीट से दो बार सांसद और केंद्रीय मंत्री लेखी पर तरजीह दी। 'कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स' के सचिव प्रवीण खंडेलवाल चांदनी चौक से बीजेपी के उम्मीदवार बने हैं। भगवा पार्टी ने इस सीट से दो बार के सांसद और पूर्व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन की जगह खंडेलवाल को मैदान में उतारा है।
पूर्वी दिल्ली के सांसद गौतम गंभीर और उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के सांसद हंसराज हंस को छोड़कर बाकी वर्तमान पांचों सांसद रमेश बिधूड़ी (दक्षिण दिल्ली), मीनाक्षी लेखी (नई दिल्ली), हर्षवर्द्धन (चांदनी चौक) और प्रवेश वर्मा (पश्चिम दिल्ली) लगातार दूसरी बार अपने लोकसभा क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
AAP उम्मीदवारों की लिस्ट
आम आदमी पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए दिल्ली की अपनी 4 सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। पार्टी ने वरिष्ठ नेता सोमनाथ भारती को नई दिल्ली सीट से मैदान में उतारा है। जबकि AAP ने कोंडली के विधायक कुलदीप कुमार को पूर्वी दिल्ली सीट से, सहीराम पहलवान को दक्षिणी दिल्ली से और पूर्व सांसद महाबल मिश्रा को पश्चिमी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र से मैदान में उतारा है।
दिल्ली में लोकसभा चुनाव लड़ने वाली मुख्य पार्टियां भारतीय जनता पार्टी (BJP), कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (AAP) हैं। दिल्ली में सत्ताधारी AAP ने लोकसभा चुनाव के लिए विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A. की अपने सहयोगी कांग्रेस से हाथ मिलाया है। सीट बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच हुए समझौते के तहत AAP दिल्ली में 4 और कांग्रेस 3 लोकसभा सीट पर चुनाव लड़ेगी। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में लोकसभा की कुल 7 लोकसभा की सीट है।
दिल्ली में कितनी सीटें हैं?
दिल्ली में पिछली बार लोकसभा चुनाव 12 मई को हुए थे। राजधानी में लोकसभा चुनाव के छठे चरण के लिए प्रचार अभियान 10 मार्च की शाम को समाप्त हो गया था। जिन 7 लोकसभा सीटों पर मतदान होंगे वे चांदनी चौक, उत्तर पूर्वी दिल्ली, पूर्वी दिल्ली, नई दिल्ली, उत्तर पश्चिम दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली और दक्षिणी दिल्ली हैं।
नई दिल्ली सीट पर सभी की निगाहें
नई दिल्ली लोकसभा सीट इस वक्त सबसे अधिक चर्चा के केंद्र में है। आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार सोमनाथ भारती (Somnath Bharti) ने बांसुरी स्वराज को नई दिल्ली से उम्मीदवार घोषित किए जाने को लेकर तंज कसा है। सोमनाथ भारती ने कहा है कि ये बीजेपी की निराशा ही है कि पार्टी ने नई दिल्ली से बांसुरी स्वराज को टिकट दिया है।
AAP और बीजेपी के उम्मीदवार पेशे से वकील हैं और दोनों इस वक्त सुप्रीम कोर्ट में प्रैक्टिस करते हैं। यह सीट इसलिए भी चर्चा का विषय बना हुआ है,क्योंकि वर्तमान में नई दिल्ली विधानसभा सीट से मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल विधायक हैं। वह यहां से लगातार तीसरी बार जनता का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। जबकि नई दिल्ली लोकसभा सीट पर 2014 से भगवा पार्टी का कब्जा है। इस सीट बीजेपी का प्रभाव जनसंघ के जमाने से ही रहा है।