एयरोस्पेस और डिफेंस कंपनी रोसेल इंडिया (Rossell India) के शेयरों में आज खरीदारी का शानदार रूझान दिखा। आज 24 नवंबर को इसके शेयर करीब 16 फीसदी की तेजी के साथ इंट्रा-डे में रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गए। कारोबार के दौरान रोसेल इंडिया के शेयर ने 379.70 रुपये का लेवल छू दिया जो इसका अब तक का रिकॉर्ड ऊंचा भाव है। पिछले 9 महीने में यह 236 फीसदी मजबूत हो चुका है। आज रोसेल इंडिया के शेयर 14.27 फीसदी की तेजी के साथ 366.45 रुपये के भाव (Rossell India) के भाव पर बंद हुए हैं। इसका मार्केट कैप 1,344.74 करोड़ रुपये है।
Rossell India के शेयरों में तेजी क्यों
14 नवंबर 2022 को रोसेल इंडिया के बोर्ड ने कंपनी के डीमर्जर को मंजूरी दी। अभी रोसेल इंडिया की दो इकाई रोसेल टी और रोसेल टेकसिस हैं। अब नए प्लान के मुताबिक रोसेल टेकसिस (Rossell Techsys) एक अलग कंपनी बनाई जाएगी। इस ऐलान के अगले दिन 15 नवंबर को रोसेल इंडिया के शेयर 361.55 रुपये की रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गए।
इसके बाद आज फिर यह नई ऊंचाई पर पहुंच गया। इस साल 24 फरवरी 2022 को यह 112.95 रुपये के भाव पर था जो एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है। इसके बाद करीब नौ महीने में यह 236 फीसदी की तेजी के साथ आज यह 379.70 रुपये की रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया।
कंपनी के बारे में डिटेल्स
रोसेल इंडिया एयरोस्पेस और डिफेंस सेक्टर की कंपनी है। इसके अलावा यह चाय की भी बिक्री करती है। कंपनी की वेबसाइट पर दी गई डिटेल्स के मुताबिक रोसेल इंडिया की इकाई रोसेल टी (Rossell Tea) अमेरिका, ब्रिटेन, जापान, ईरान और यूएई जैसे देशों को चाय निर्यात करती है। वहीं इसकी एयरोस्पेस और डिफेंस इकाई रोसेल टेकसिस (Rossell Techsys) दुनिया भर की कंपनियों को वायर हार्नेस सॉल्यूशंस, इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम्स, टेस्ट सॉल्यूशंस और प्रोडक्ट सपोर्ट बजट में मुहैया कराती है।