भारती एंटरप्राइजेज (Bharti Enterprises) की अंतरराष्ट्रीय निवेश शाखा भारती ग्लोबल, ब्रिटेन की सबसे बड़ी ब्रॉडबैंड और मोबाइल कंपनी बीटी समूह में करीब 24.5 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने वाली है। यह खरीद अल्टाइस यूके से की जाएगी। जारी किए गए बयान में सौदे के आकार के बारे में खुलासा नहीं किया गया है। लेकिन बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि बीटी की करीब 15 अरब अमेरिकी डॉलर की वैल्यूएशन पर यह सौदा लगभग 4 अरब अमेरिकी डॉलर के आसपास बैठ सकता है। यह हिस्सेदारी भारती टेलीवेंचर्स यूके के जरिए खरीदी जाएगी, जो कि भारती ग्लोबल के पूर्ण मालिकाना हक वाली कंपनी है।
