BHEL Shares Price: भारत हैवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (BHEL) के शेयर बुधवार 22 मई को 7.5 फीसदी तक लुढ़क गए। कंपनी के शेयरों में यह गिरावट उसके मार्च तिमाही के नतीजों के ऐलान के एक दिन बाद आई। अधिकतर एनालिस्ट्स का कहना है कि कंपनी के बाजार के अनुमानों के मुताबिक नहीं रहे। ब्रोकरेज फर्म सीएलएसए (CLSA) ने BHEL को 'बेचने' की सलाह दी है और इसके लिए 189 रुपये का टारगेट प्राइस तय किया है। यह कंपनी के शेयरों में मौजूदा स्तर से करीब 36 फीसदी की गिरावट आने की आशंका जताता है। ब्रोकरेज का कहना है कि कंपनी मार्च तिमाही के शुद्ध मुनाफे में 25 प्रतिशत की गिरावट हैरान करने वाली है और ऐसा कंपनी को धीमी गति से मिले ऑर्डरों के कारण हुआ है।
ब्रोकरेज फर्म ने कहा, "कंपनी के बैकलॉग में चौथी तिमाही के दौरान सालाना आधार पर 44 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है और इसके पीछे मुख्य वजह थर्मल ऑर्डर में तेजी रही। हालांकि कारोबार के लिहाज से इसका एग्जिक्यूशन सपाट रहा, जिसके चलते कंपनी के प्रदर्शन में कमजोरी आई। हमारा मानना है कि वित्त वर्ष 2030 के बाद कंपनी के थर्मल कारोबार का भविष्य अंधकारमय दिखता है।"
मॉर्गन स्टेनली ने भी BHEL को उसके मौजूदा बाजार भाव से कम का टारगेट दिया है। ब्रोकरेज ने BHEL को 220 रुपये प्रति शेयर का टारगेट दिया है, जो इसमें करीब 34 प्रतिशत गिरावट आने की संभावना जताता है। ब्रोकरेज ने कहा कि कंपनी के नतीजे उसकी उम्मीद से कम रहे। हालांकि मजबूत ऑर्डर और प्रोजेक्ट पाइपलाइन के साथ अर्निंग्स में आगे सुधार की संभावना को देखते हुए इसने स्टॉक पर 'इक्वल वेट' रेटिंग बरकरार रखी है।
BHEL का Q4 में कैसा रहा नतीजा?
BHEL का शुद्ध मुनाफा मार्च तिमाही में 25 फीसदी घटकर 484 करोड़ रुपये रहा, जो इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 645 करोड़ रुपये था। वहीं कंपनी का रेवेन्यू इस दौरान मामूली रूप से बढ़कर 8,260 करोड़ रुपये रहा, जो इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 8,227 करोड़ रुपये था। हालांकि तिमाही आधार पर रेवेन्यू 50 प्रतिशत बढ़ा है, क्योंकि दिसबंर तिमाही में यह आंकड़ा 5,503.81 करोड़ रुपये रहा था।
सरकारी स्वामित्व वाली इस कंपनी का कुल खर्च, मार्च तिमाही में 5 फीसदी बढ़कर 7,794.11 करोड़ रुपये रहा, जो इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 7,411.64 करोड़ रुपये रहा था। दिसंबर तिमाही में कंपनी का 5,537.47 करोड़ रुपये रहा था और उसके मुकाबले खर्च में 40.75 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।