BIG MARKET VOICES में बाजार पर चर्चा के लिए आज सीएनबीसी-आवाज़ के साथ जुड़े prakashdiwan.in के प्रकाश दीवान। आज ओला इलेक्ट्रिक के शेयरों में अच्छा मूव आया है। इस स्टॉक पर बात करते हुए प्रकाश दीवान ने कहा कि बाजार ने इस खास बिजनेस को बहुत ही अलग तरीके से आंका है। प्रकाश ने आगे कहा कि जो क्वालिटी इलेक्ट्रिक व्हीकल और टू-व्हीलर्स की इस कंपनी की है उसमें अभी भी इस प्रकार की अश्योरेंस या कन्विक्शन नहीं है कि ये कंपनी बहुत स्केलेबल हो पाएगी। इलेक्ट्रिक व्हीकल के बारे में जो तमाम नई बातें कही जा रहीं हैं वो सारी अभी प्रयोग के स्तर पर ही हैं। ऐसे में ओला में निवेश के लिए थोड़ा समय देना होगा। कंपनी अगर अपने को सही तरीके से स्थापित कर लेती है तो उसके बाद इसकी री-रेटिंग की जरूरत पड़ेगी। अभी इस लेवल पर ये स्टॉक महंगा है। प्रकाश का कहना है कि अगर ये शेयर उनके पास होता तो वे प्रॉफिट बुक कर चुके होते। लॉन्ग टर्म इन्वेस्टिंग के लिए भी अभी फिलहाल इस शेयर में प्रकाश की कोई निवेश सलाह नहीं है।
