कर्नाटक सरकार ने अपने विभागों को भारतीय स्टेट बैंक (SBI) और पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के साथ कारोबार न करने का आदेश देने वाला सर्कुलर वापस लेने का फैसला किया है। यह फैसला दोनों सरकारी बैंकों की ओर से गबन की गई 22.67 करोड़ रुपये की राशि को एक साल के ब्याज सहित चुकाए जाने के बाद लिया गया है। कर्नाटक के फाइनेंस डिपार्टमेंट ने बीते 12 अगस्त को राज्य के सभी विभागों, बोर्ड, निगम, विश्वविद्यालय, स्थानीय निकायों और सरकारी स्वामित्व वाली कंपनियों को SBI और PNB के साथ रिश्ता खत्म करने का निर्देश दिया था। सरकार ने आरोप लगाया कि बैंक गबन की गई 22 करोड़ रुपये की राशि वसूलने में सहयोग नहीं कर रहे हैं। हालांकि चार दिन बाद सरकार ने सर्कुलर को सस्पेंड कर दिया था।
