IREDA Shares: इंडियन रिन्यूएबल एनर्जी डेवलपमेंट एजेंसी (IREDA) के शेयर आज शुरुआती कारोबार में 3 फीसदी से अधिक उछल गए। एक साल से भी कम समय में इसने निवेशकों के पैसों को छह गुना से अधिक बढ़ा दिया है। इतनी ताबड़तोड़ तेजी के बाद एक्सपर्ट्स सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं। उनका मानना है कि एक बार मुनाफावसूली शुरू हुई तो यह काफी तेज होगी, ऐसे में उन्होंने स्टॉप लॉस लगाने की सलाह भी दी है। कारोबार के अंत में यह शेयर 2.28 फीसदी उछलकर 254.65 रुपये के भाव पर बंद हुआ है।
पिछले साल 29 नवंबर 2023 को यह 49.99 रुपये पर था और इस लेवल से 8 महीने में यह 520 फीसदी से अधिक उछलकर 15 जुलाई 2024 को 310 रुपये की रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया। इरेडा के शेयरों को आज बोर्ड की होने वाली बैठक से सपोर्ट मिल रहा है। आज की बैठक में क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल प्लेसमेंट (QIP) या राइट इश्यू या किसी और तरीके से 4500 करोड़ रुपये जुटाने के तरीकों पर चर्चा होगी।
किस लेवल पर लगाएं IREDA में स्टॉप लॉस?
सीएनबीसी आवाज पर दर्शकों के एक सवाल के जवाब में मार्केट एक्सपर्ट आशीष बहेती ने कहा कि अभी तक इस शेयरों में कोई खास गिरावट या मुनाफावसूली नहीं दिखी। हायर लेवल पर यह कंसालिडेट हो रहा है लेकिन उनका यह भी मानना है कि जब इसमें मुनाफावसूली होगी तो यह तेज होगी। ऐसे में आशीष ने निवेशकों को 235 रुपये के लेवल पर स्टॉप लॉस लगाने की सलाह दी है।
IREDA Shares: ब्रोकरेज फर्मों का क्या है रुझान?
हाल ही में ब्रोकरेज फर्म फिलिपकैपिटल ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि इरेडा के शेयरों की तेजी किसी अहम फंडामेंटल वजह की बजाय पैसिव फ्लो के चलते आई। ऐसे में ब्रोकरेज फर्म ने 130 रुपये के टारगेट प्राइस पर इसे सेल रेटिंग दी है। वहीं दूसरी तरफ एक और ब्रोकरेज फर्म ICICI डायरेक्ट ने इसे 330 रुपये के टारगेट प्राइस पर खरीदारी की रेटिंग दी है। चार्ट पर बात करें तो इसका रिलेटिव स्ट्रेंथ इंडेक्स (RSI) 54.4 पर है यानी कि यह ओवरबॉट जोन में नहीं है। इसके 70 के ऊपर होने का मतलब ओवरबॉट होता।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।