आखिरकार बीएसई सेंसेक्स ने 21 जून को 63583 के स्तर पर स्थित अपने पिछले रिकॉर्ड हाई को पार कर लिया। लेकिन 65000 के स्तर को पार करने के लिए इसको 63600 के ऊपर जाकर एक मजबूत ब्रेकआउट देना होगा। ये बात जेमस्टोन इक्विटी रिसर्च एंड एडवाइजरी सर्विस (Gemstone Equity Research and Advisory Service) के मिलन वैष्णव ने कही है। उन्हें लगता है कि सेंसेक्स को 65000 का स्तर हासिल करने के लिए संघर्ष करना पड़ेगा। सेंसेक्स को ये स्तर हासिल करने के लिए तीन फैक्टर्स से सपोर्ट की जरूरत होगी। कैपिटल मार्केट का 2 दशकों से ज्यादा का अनुभव रखने वाले मिलन का मानना है कि आईटी शेयर अगले चरण की तेजी के लिए दम भर रहे हैं। आने वाले हफ्तों में आईटी शेयर ब्रॉडर मार्केट की तुलना में बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
