Yes Bank Share Price: निजी सेक्टर के दिग्गज बैंक येस बैंक के शेयरों में पिछले कुछ वर्षों से उतार-चढ़ाव दिख रहा है। पिछले छह महीने में इसने निवेशकों की पूंजी करीब 21 फीसदी बढ़ाई है। पिछले महीने बैंक ने चालू वित्त वर्ष 2022-23 की दूसरी तिमाही जुलाई-सितंबर 2022 के नतीजे पेश किए थे जिस पर बाजार की प्रतिक्रिया तत्काल तो निगेटिव रही लेकिन फिर यह संभल गया और तब से अब तक करीब सात फीसदी मजबूत हो चुका है। बैंक ने पिछले महीने 22 अक्टूबर शनिवार को सितंबर तिमाही के नतीजे जारी किए थे। आज येस बैंक के शेयर बीएसई पर 1.19 फीसदी की गिरावट के साथ 16.65 रुपये के भाव पर बंद हुए हैं। इसका मार्केट कैप 41,718.40 करोड़ रुपये है।
बैंक के लिए कैसी रही सितंबर तिमाही
येस बैंक का सितंबर 2022 तिमाही में स्टैंडएलोन मुनाफा सालाना आधार पर 32 फीसदी और तिमाही आधार पर 51 फीसदी गिरकर 152.8 करोड़ रुपए रह गया। हालांकि सालाना आधार पर बैंक की कुल आय 5430.30 करोड़ रुपए से बढ़कर 6394.11 करोड़ रुपए पर पहुंच गई। बैंक को ब्याज से अधिक कमाई हासिल हुआ और सालाना आधार पर 31.7 फीसदी बढ़कर 1991.4 करोड़ रुपए पर पहुंच गया। बैंक के एसेट क्वालिटी में भी सुधार हुआ है।
सितंबर 2022 तिमाही में बैंक का ग्रॉस एनपीए सालाना आधार पर 14.97 फीसदी से घटकर 12.89 फीसदी पर आ गया है और नेट एनपीए 5.55 फीसदी से घटकर 3.60 फीसदी रह गया। दूसरी तिमाही में बैंक की प्रॉविजनिंग सालाना आधार पर 377.37 करोड़ रुपए से बढ़कर 582.81 करोड़ रुपए पर रही।
बैंक में आगे की महत्वपूर्ण गतिविधियां
येस बैंक अपने स्ट्रेस्ड एसेट को जेसी फ्लॉवर्स को बेच रहा है। इसकी बिक्री इस महीने के आखिरी तक पूरा होने की उम्मीद है। बैंक के चीफ एग्जेक्यूटिव और एमडी प्रशांत कुमार ने इस महीने की शुरुआत में कहा था कि 48 हजार करोड़ रुपये के फंसे कर्ज नवंबर तक एसेट रीकंस्ट्रक्शन कंपनी (ARC) को ट्रांसफर हो जाएंगे।