PSU Stocks: सरकारी कंपनियों ने की जोरदार वापसी, 14% तक उछल गए शेयर, चुनाव नतीजों के बाद आई थी भारी गिरावट

PSU Stocks: लोकसभा चुनाव नतीजों के बाद पिछले 2 दिन में जिन शेयरों में सबसे अधिक गिरावट आई थी, उनमें सरकारी कंपनियों के शेयर यानी पीएसयू स्टॉक्स सबसे ऊपर थे। हालांकि आज 6 जून को इन पीएसयू कंपनियों के शेयरों ने जोरदार वापसी की है और शुरुआती कारोबार में इनके शेयर 4 से 14 प्रतिशत तक बढ़ गए। दरअसल सरकार गठन को लेकर अनिश्चितता कम होने से इन शेयरों को लेकर माहौल बेहतर हुआ है

अपडेटेड Jun 06, 2024 पर 1:30 PM
Story continues below Advertisement
PSU Stocks: मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स में सबसे अधिक 14 प्रतिशत तक की तेजी देखी गई

PSU Stocks: लोकसभा चुनाव नतीजों के बाद पिछले 2 दिन में जिन शेयरों में सबसे अधिक गिरावट आई थी, उनमें सरकारी कंपनियों के शेयर यानी पीएसयू स्टॉक्स सबसे ऊपर थे। हालांकि आज 6 जून को इन पीएसयू कंपनियों के शेयरों ने जोरदार वापसी की है और शुरुआती कारोबार में इनके शेयर 4 से 14 प्रतिशत तक बढ़ गए। दरअसल सरकार गठन को लेकर अनिश्चितता कम होने और बीजेपी के तीसरी बार सरकार बनाने का रास्ता साफ होता देखकर इन शेयरों को लेकर माहौल बेहतर हुआ है। बाजार का मानना है कि नरेंद्र मोदी के पीएम बनने और केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के पहले की तरह ही जारी रहने से सरकारी कंपनियों को काफी लाभ मिल सकता है।

इससे पहले लोकसभा चुनाव नतीजों के दिन बीजेपी को बहुमत से दूर होता देखकर निवेशक घबरा गए थे और उन्होंने सरकारी कंपनियों के शेयर में जमकर बिकवाली की थी। कई शेयर तो 25% से भी ज्यादा लुढ़क गए थे। अधितकर पीएसयू शेयरों ने पिछले 2 दिनों से लगातार अपने लोअर सर्किट सीमा को छुआ था।

हालांकि बीजेपी को इस बार सरकार बनाने के लिए अपने गठबंधन के सहयोगियों पर निर्भर होना पड़ा है। फिर भी कई ब्रोकरेज फर्मों का मानना ​​है कि नई मोदी सरकार अपने कैपिटल एक्सपेंडिचर प्लान या नीतिगत उपायों को पहले की तरह ही जारी रखेगी।


ब्रोकरेज फर्म CLSA ने एक नोट में लिखा कि मीडिया रिपोर्टों से पता चल रहा है कि मोदी सरकार अपने 100 दिन के कार्यकाल को लेकर एक महत्वाकांक्षी एजेंडा तैयार कर रही है। ब्रोकरेज का अनुमान है कि सरकार इंफ्रास्ट्रक्चर और डिफेंस सेक्टर में बड़े पैमाने पर ऑर्डर के साथ काम शुरू करेगी, जो संकेत देता है कि मोदी 3.0 के तहत भी कैपिटल एक्सपेंडिचर पर जोर जारी रहेगा।

इन सब वजहों से PSU स्टॉक्स को लेकर सेंटीमेंट एक बार फिर से बेहतर हुआ है, जिससे आज के कारोबार के दौरान इन शेयरों में मजबूत तेजी आई।

PSU स्टॉक्स में सबसे अधिक तेजी मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स में रही, जो 14 प्रतिशत से अधिक की बढ़ते के साथ कारोबार कर रहा था। इसके बाद दूसरे नंबर पर भेल (BHEL) रहा, जो 13.5 प्रतिशत ऊपर था। इसके अलावा इरकॉन इंटरनेशनल, कॉनकॉर, कोचीन शिपयार्ड, हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स, हुडको और आरईसी के शेयरों में 9 से 10 प्रतिशत की तेजी देखी गई।

BSE के पीएसयू इंडेक्स में शामिल सभी शेयरों में लगभग 4 से 14 प्रतिशत की तेजी देखी गई। इसके चलते BSE पीएसयू इंडेक्स आज 6 प्रतिशत से ऊपर उठा गया।

यह भी पढ़ें- Stock Tips: मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल में इन तीन शेयरों पर लगाया दांव, आपके पोर्टफोलियो में है कोई?

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।