Get App

लोन लो, जॉब छोड़ो, ट्रेडिंग के लिए ऐसी सलाह दे रही थीं 'Options Queen' अस्मिता पटेल; SEBI की जांच में बड़ा खुलासा

खुद को 'शी वोल्फ ऑफ स्टॉक मार्केट' और 'ऑप्शंस क्वीन' कहने वाली अस्मिता पटेल के बारे में सेबी की रिपोर्ट में बड़े खुलासे हुए हैं। अस्मिता ने लोगों को लोन लेकर ट्रेडिंग करने और जॉब छोड़ने तक की भी सलाह दी। यहां तक कि उन्होंने 10 साल के छोटे बच्चे को भी मार्केट से जोड़ने की बात कही। यहां उनके इस गड़बड़झाले के बारे में डिटेल्स दी जा रही है

Edited By: Moneycontrol Hindi Newsअपडेटेड Feb 07, 2025 पर 7:32 PM
लोन लो, जॉब छोड़ो, ट्रेडिंग के लिए ऐसी सलाह दे रही थीं 'Options Queen' अस्मिता पटेल; SEBI की जांच में बड़ा खुलासा
अस्मिता पटेल खुद को 'शी वोल्फ ऑफ स्टॉक मार्केट' और 'ऑप्शंस क्वीन' कहती थीं जिनकी स्ट्रैटेजी से 300 फीसदी तक रिटर्न हासिल किया जा सकता है।

स्टॉक मार्केट ट्रेनिंग देने वाली मशहूर अस्मिता पटेल ग्लोबल स्कूल ऑफ ट्रेडिंग प्राइवेट लिमिटेड के निदेशकों में से एक अस्मिता जितेश पटेल को लेकर बड़े-बड़े खुलासे हो रहे हैं। ऐसा सामने आ रहा है कि अस्मिता पटेल ने दावों को बढ़ा-चढ़ाकर दिखाया और फटाफट अमीर बनने के झूठे सपने दिखाकर अपना एंपायर खड़ा किया है। हालांकि इन सबसे भी बुरा ये है कि उन्होंने कोर्स/वर्कशॉप में शामिल होने वाले लोगों को प्रोत्साहित किया कि वे ट्रेडिंग के लिए कर्ज लें और फुल टाइम ट्रेडिंग के लिए अपनी जॉब छोड़ दें। बाजार नियामक सेबी ने 6 फरवरी को अस्मिता पटेल ग्लोबल स्कूल ऑफ ट्रेडिंग और इससे जुड़े 5 अन्य संस्थानों से ₹53.67 करोड़ जब्त किए हैं और अब पेड कोर्ड के नाम पर लिए गए ₹104.6 करोड़ की फीस पर भी कार्रवाई की तलवार लटक रही है।

'लापरवाह सलाह'

सेबी के अधिकारियों ने पाया कि डायरेक्टर समेत स्कूल से जुड़े लोग अपने कोर्स को अपनाने या उसकी रणनीतियों को अपनाने के बाद प्रोफेशनल्स को अपनी नौकरियों को छोड़ने और ताबड़तोड़ मुनाफा कमाने के उदाहरण पेश कर रहे थे। उदाहरण के लिए एक बड़ी कंपनी के एक वाइस प्रेसिडेंट ने ट्रेडिंग पूंजी को 30 लाख रुपये से 3 करोड़ रुपये तक बढ़ा लिया, एक चार्टर्ड अकाउंटेंट ने 30 लाख रुपये से 12 करोड़ रुपये तक की पूंजी बनाई, और एक इंजीनियर ने फुल टाइम ट्रेडिंग के लिए अपनी नौकरी छोड़ दी और 80 लाख रुपये तक की ट्रेडिंग पूंजी बनाई। सेबी के आदेश में सामने आया है कि छात्रों, निवेशकों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे लोगों को कुछ बड़ा करने के लिए नौकरी छोड़ने और अपने कोर्स MPAT को जॉइन करने के लिए प्रेरित किया गया।

स्कूल ने म्यूचुअल फंड से पैसा निकलने या अगर पूंजी कम है तो दूसरों का पैसा इस्तेमाल करने की भी सलाह दी गई थी! इस कोर्स के लिए एक शख्स के साथ एक रिकॉर्डेड बातचीत में अस्मिता ने उन्हें ट्रेडिंग के लिए कर्ज लेने की सलाह दी और साथ ही यह भी कहा कि कर्ज की ब्याज दर 18 फीसदी से अधिक नहीं होनी चाहिए। स्कूल ने स्टॉक ट्रेडिंग को एक कारोबार के रूप में पेश किया, जहां कोई भी लगातार अधिक पैसे बना सकता है। एक स्टूडेंट को 35-40 फीसदी मुनाफे की उम्मीद करने के लिए कहा गया था, और रिस्क-रिवार्ड रेश्यो को 1:3 के रूप में पेश किया गया।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें