मशहूर निवेशक शंकर शर्मा (Shankar Sharma) ने EKI Energy Services की जांच नहीं होने पर चिंता जताई है। यह कंपनी अपने पूर्व ऑडिटर्स की जांच के घेरे में हैं। लेकिन, शर्मा ने सवाल उठाया है कि आखिर इस कंपनी की जांच क्यों नहीं हो रही है। इस बारे में शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर सवाल पूछा है। उन्होंने कंपनी के फाइनेंशियल्स और स्टॉक प्राइसेज के स्क्रीनशॉट्स शेयर किए हैं। हालांकि, उन्होंने सीधे तौर पर कंपनी का नाम नहीं लिया है। अपने पोस्ट में उन्होंने कहा कि 'यह सही है कि चौदह मुल्कों की पुलिस ....' उनके इस पोस्ट का मतलब यह है कि यह ठीक है कि हैदराबाद की एक कंपनी के पीछे कई एजेंसियां पड़ी हैं, लेकिन इस इंदौर की कंपनी के खिलाफ किसी तरह की कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है। उन्होंने एक खास इनवेस्टर की तरफ भी ध्यान आकर्षित किया है, जिसने दोनों ही कंपनियों में निवेश किया है।
