Tata TeleServices Q1 Result: टाटा ग्रुप की टेलीसर्विसेज कंपनी टाटा टेलीसर्विसेज के लिए चालू वित्त वर्ष 2024-25 की पहली तिमाही मिली-जुली रही। सालाना आधार पर जून 2024 तिमाही में कंपनी का घाटा बढ़ा है लेकिन रेवेन्यू में 13 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। इसके चलते शेयरों पर भी कुछ खास फर्क अभी तक नहीं दिख रहा है। दिन के आखिरी में BSE पर यह 4.14 फीसदी की बढ़त के साथ 104.00 रुपये के भाव (Tata TeleServices Share Price) पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में यह 106.73 रुपये के हाई और 100.35 रुपये के निचले स्तर तक आ गया था।
Tata TeleServices Q1 Result की खास बातें
टाटा टेलीसर्विसेज को जून 2024 तिमाही में 323.40 करोड़ रुपये की शुद्ध घाटा हुआ जबकि पिछले साल की समान तिमाही में कंपनी को 301.18 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ। हालांकि इस दौरान कंपनी का ऑपरेशनल रेवेन्यू 13.31 फीसदी उछलकर 323.50 रुपये के भाव पर पहुंच गया। EBITDA भी 8.91 फीसदी सुधरकर 138.53 करोड़ रुपये पर पहुंच गया लेकिन ऑपरेटिंग प्रॉफिट 30.92 फीसदी से गिरकर 29.05 फीसदी पर आ गया।
एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल
टाटा टेलीसर्विसेज एसएमई को कनेक्टिविटी और कम्यूनिकेशंस सॉल्यूशंस मुहैया कराती है। यह कनेक्टिविटी, क्लाउड और SaaS (सॉफ्टवेयर-ऐज-अ-सर्विसेज), सिक्योरिटी और मार्केटिंग सॉल्यूशंस मुहैया कराती है। देश के 60 से अधिक शहरों में इसका मजबूत वायरलेस नेटवर्क है। एक साल में इसके शेयरों के चाल की बात करें तो निवेशकों को बहुत ही कम समय में बेतहाशा रिटर्न मिला है। 4 जून 2024 यानी लोकसभा चुनाव के रिजल्ट के दिन यह एक साल के निचले स्तर 65.29 रुपये पर था। इसके बाद तो बेतहाशा स्पीड से दौड़ा और महज डेढ़ महीने में करीब 71 फीसदी उछलकर 19 जुलाई 2024 को 111.48 रुपये पर पहुंच गया जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई है। करीब चार साल पहले 27 मार्च 2020 को यह शेयर महज 1 रुपये में मिल रहा था।