Union Bank की मार्केट वैल्यू ₹50,000 करोड़ के पार, सिर्फ एक महीने में 60% बढ़ी शेयरों की कीमत

Union Bank ने पिछले महीने 20 अक्टूबर को सितंबर तिमाही के नतीजे जारी किए थे और तब से इसका शेयर अबतक करीब 60% चढ़ चुका है

अपडेटेड Nov 18, 2022 पर 4:27 PM
Story continues below Advertisement
Union Bank ने पिछले 6 महीनों में अपने निवेशकों को 108% का रिटर्न दिया है

Union Bank Shares: भारत सरकार के स्वामित्व वाले यूनियन बैंक ऑफ इंडिया (Union Bank of India) की मार्केट वैल्यू शुक्रवार 18 सितंबर को 50,000 करोड़ रुपये को पार कर गई। दिन के कारोबार के दौरान बैंक के शेयर करीब 5.5% की उछाल के साथ 74.45 रुपये के भाव पर पहुंच गए, जो पिछले तीन सालों का इसका सबसे ऊंचा स्तर है। इससे पहले जुलाई 2019 में बैंक के शेयर इस स्तर पर कारोबार कर रहे थे। यूनियन बैंक ने पिछले महीने 20 अक्टूबर अपने सितंबर तिमाही के नतीजे जारी किए थे। इसके बाद बैंक के शेयरों में पिछले एक महीने में करीब 60% की तेजी आई है।

Union Bank ने बताया कि सितंबर तिमाही में इसके मुनाफा सालाना आधार पर 21.07 फीसदी बढ़कर 1,848 करोड़ रुपये रहा, जो इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 1,526 करोड़ रुपये रहा था। वहीं बैंक का नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) सितंबर तिमाही में 21.61 फीसदी बढ़कर 8,305 रुपये रहा है। बैंक का नेट इंटरेस्ट मार्जिन (NIM) सितंबर तिमाही में 2.95 फीसदी रहा।

हालांकि बैंक का नॉन-इंटरेस्ट इनकम इस दौरान 17.65 फीसदी गिरकर 3,276 करोड़ रुपये पर आ गया। यूनियन बैंक का एसेट क्वालिटी सितंबर तिमाही में बेहतर हुआ। बैंक का ग्रॉस-NPA सितंबर तिमाही में घटकर 8.45 फीसदी रहा, जो इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 12.64 फीसदी रहा था। बैंक का नेट-NPA सितंबर तिमाही में घटकर 2.64 फीसदी रहा, जो इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 4.61 करोड़ था।


यह भी पढ़ें- Evans Electric Shares : इस शेयर ने 8 दिन में 1 लाख रुपये बना दिए 2.21 लाख, अचानक क्यों भरने लगा ‘उड़ान’

यूनियन बैंक के नतीजों के बाद अधिकतर एनालिस्ट्स इस स्टॉक पर बुलिश दिखे थे। तिमाही नतीजों के बाद मोतीलाल ओसवाल ने 65 रुपये के टारगेट प्राइस के साथ इस स्टॉक को खरीदने की सलाह दी है, जो उस वक्त इसके मौजूदा भाव से करीब 20 फीसदी अधिक था। अब यह टारगेट पूरा हो गया है।

यूनियन बैंक इसके साथ ही अब उन मल्टीबैगर शेयरों में शामिल हो गया है, जिसने पिछले 6 महीनों में अपने निवेशकों के पैसे डबल कर दिया है। Union Bank ने पिछले 6 महीनों में अपने निवेशकों को 108 फीसदी का रिटर्न दिया है। वहीं इस साल की शुरुआत से अब तक इसमें करीब 67.38% फीसदी की तेजी आई है।

Union Bank के शेयर शुक्रवार को एनएसई पर 5.20 फीसदी की बढ़त के साथ 73.90 रुपये के भाव पर बंद हुए। साथ ही इसका मार्केट कैपिटलाइजेशन बढ़कर 50,550 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। बैंक के शेयर इस समय 8.34 के P/E रेशियो पर कारोबार कर रहे हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।