Hindu Temple in Abu Dhabi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अबू धाबी में बने पहले हिंदू मंदिर का उद्घाटन कर दिया है। यह अबू धाबी में पत्थरों से बना पहला हिंदू मंदिर है। उद्घाटन से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने अबू धाबी में पहले हिंदू मंदिर के निर्माण में योगदान देने वाले विभिन्न धर्मों के लोगों से मुलाकात की। प्रधानमंत्री मोदी मंगलवार को दो दिवसीय यात्रा पर संयुक्त अरब अमीरात (UAE) पहुंचे, जहां पीएम का जोरदार स्वागत किया गया। प्रधानमंत्री मोदी ने अबू धाबी मंदिर के निर्माण के लिए जमीन देने में सहयोग के लिए संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान का मंगलवार को शुक्रिया अदा किया। पीएम ने कहा कि यह भारत के प्रति उनकी आत्मीयता को दर्शाता है।
