UK March Inflation Data: ब्रिटेन ने पिछले महीने के खुदरा महंगाई के आंकड़े जारी कर दिए हैं। आंकड़ों के मुताबिक पश्चिमी यूरोप में सबसे अधिक महंगाई ब्रिटेन के लोगों को परेशान किया। हालांकि फरवरी के मुकाबले महंगाई से थोड़ी राहत मिली है। पिछले महीने ब्रिटेन में कंज्यूमर प्राइस इनफ्लेशन 10.1 फीसदी पर रही जबकि उसके एक महीने पहले फरवरी में यह 10.4 फीसदी पर थी। पिछले साल अक्टूबर में कंज्यूमर प्राइस इनफ्लेशन 11.1 फीसदी पर थी जो 41 वर्षों का रिकॉर्ड हाई था। इसके बाद महंगाई के बढ़ने की रफ्तार सुस्त तो हुई है लेकिन अभी भी आम लोगों को राहत नहीं मिली है क्योंकि इसके हिसाब से कमाई नहीं बढ़ रही है।
मार्च में गिरावट के बावजूद चिंताजनक स्तर पर महंगाई दर
पिछले महीने मार्च में ब्रिटेन में महंगाई दर की रफ्तार थोड़ी सुस्त हुई लेकिन अभी भी यह पश्चिमी यूरोप में सबसे अधिक लेवल पर है। यहां तक कि पश्चिमी यूरोप के सभी देशों में ब्रिटेन इकलौता ऐसा देश है जहां मार्च में यह महंगाई दर दोहरे अंकों में रही। ऑफिस फॉर नेशनल स्टैटिस्टिक्स के मुताबिक खाने और गैर-एल्कोहॉलिक ड्रिंक्स की कीमतें बढ़ने की दर सालाना आधार पर मार्च में 19.1 फीसदी रही जो अगस्त 1977 के बाद से सबसे अधिक रही।
Bank of England ने कितना लगाया था अनुमान
फरवरी में बैंक ऑफ इंग्लैंड (BoE) ने अनुमान लगाया था कि महंगाई से राहत मिल सकती है और मार्च में यह 9.2 फीसदी रहेगी। केंद्रीय बैंक ब्याज दरों पर फैसला लेते समय इसे भी ध्यान में रखता है। बाजार का अनुमान है कि अगले महीने बैंक ऑफ इंग्लैंड ब्याज दरों में बढ़ोतरी का फैसला ले सकता है।