Chhath Pooja Significance: छठ पूजा को लोकआस्था का महापर्व कहते हैं। यह त्योहार कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष में मनाया जाता है। वैसे ये पर्व साल में दो बार मनाया जाता है, एक बार दिवाली के बाद और एक बार चैत्र में होली के बाद। इसे बिहार, झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश और नेपाल में धूमधाम से मनाया जाता है। छठ पूजा में सूर्य देव और उनकी बहन शशि यानी छठ माता की पूजा की जाती है। चार दिनों तक चलने वाले इस त्योहार की शुरुआत कार्तिक शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि से होती है, जिसमें नहाय-खाय का अनुष्ठान किया जाता है। इसका समापन सप्तमी के दिन प्रात: अर्घ्य के साथ होता है।