निजी सेक्टर के दिग्गज बैंक एक्सिस बैंक (Axis Bank) में अमेरिका की निजी इंवेस्टमेंट फर्म Bain Capital मंगलवार 1 नवंबर को अपनी हिस्सेदारी बेच सकती है। सीएनबीसी आवाज की रिपोर्ट के मुताबिक प्राइवेट इंवेस्टमेंट फर्म ब्लॉक डील्स के जरिए अपनी 1.24 फीसदी हिस्सेदारी बेच सकती है।
यह सौदा करीब 41 करोड़ डॉलर यानी 3350 करोड़ रुपये का हो सकता है। सीएनबीसी आवाज को सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक यह सौदा 888 रुपये प्रति शेयर के फ्लोर प्राइस पर हो सकता है। यह बैंक के मौजूदा भाव से करीब 2 फीसदी डिस्काउंट पर है। इसके शेयर बीएसई पर आज 905.85 रुपये के भाव (Axis Bank Share Price) पर बंद हुए हैं।
पांच साल पहले अमेरिकी इंवेस्टमेंट फर्म ने किया था निवेश
Bain Capital ने करीब पांच साल पहले वर्ष 2017 में एक्सिस बैंक में निवेश किया था। बैंक ने 11626 करोड़ रुपये जुटाने के लिए 9 फीसदी हिस्सेदारी बेचा था जिसमें अमेरिकी प्राइवेट इक्विटी फंड ने 6854 करोड़ रुपये निवेश किया था।
यह सौदा 525 रुपये प्रति शेयर के भाव पर हुआ था जबकि कंवर्टिबल वारंट्स का इश्यू प्राइस 565 रुपये था। अभी Bain Capital की तीन इकाईयां की एक्सिस बैंक में एफडीआई कैटेगरी के तहत 4.24 फीसदी हिस्सेदारी है।
सितंबर तिमाही में बैंक के मुनाफे में 70% की उछाल
10 दिन पहले 20 अक्टूबर को एक्सिस बैंक ने सितंबर 2022 तिमाही के नतीजे घोषित किए। बैंक को जुलाई-सितंबर 2022 में सालाना आधार पर 70 फीसदी अधिक नेट प्रॉफिट हासिल हुआ जबकि तिमाही आधार पर 29 फीसदी अधिक।
ब्याज से नेट इनकम सालाना आधार पर 31 फीसदी की उछाल के साथ 10360.3 करोड़ रुपये रही। वहीं नेट इंटेरेस्ट मार्जिन 3.96 फीसदी रहा जो सालाना आधार पर 0.57 फीसदी और तिमाही आधार पर 0.36 फीसदी अधिक था।