Budget 2023: क्या आपने कभी घर के छोटे बच्चों को गिनती-पहाड़ा सिखाने का कठिन काम किया है? आपने गौर किया होगा गिनती में आने वाली गोल-मटोल संख्याओं को बच्चे झट से याद कर लेते हैं। वे तीन-पांच और तेरह-सत्रह को भले भूल जायें लेकिन उन्हें यह जरूर याद रह जाता है कि दस के बाद बीस आता है और ऐसे ही तीस के बाद चालीस। पिछले साल शिक्षा के बजट में वित्तमंत्री ने ऐसी ही सोच से काम लिया। वे संसद को स्कूल, बजट को मास्टर जी की किताब और देशवासियों को उत्सुक छात्र मानकर कुछ आंकड़े याद करवाना चाहती थीं। सो याद रह गया है कि बीते बरस शिक्षा का बजट मोटोमोटी एक लाख करोड़ (1.04 लाख करोड़) रूपये का था। साल 2021 के बजट की तुलना में कुल 11 हजार करोड़ रूपये बढ़ा दिये गये थे और समाचारों में सुर्खियां बनीं कि शिक्षा के बजट में कुल 11 प्रतिशत का इजाफा हुआ है।
