पिछले 18 महीने से फंडिंग का सूखा अब खत्म हो सकता है। टेक्नोलॉजी सेक्टर में भारी-भरकम निवेश डालने वाला सॉफ्टबैंक (SoftBank) अब एक बार फिर से भारतीय स्टार्टअप में निवेश को तैयार है। जापानीज निवेशक आने वाले महीने में एक बार फिर से डील साइन करना शुरू करेगा। यह जानकारी मनीकंट्रोल के साथ इंटरव्यू में सॉफ्टबैंक इनवेस्टमेंट एडवाइजर्स के प्रमुख (भारत, यूरोप, मिडिल ईस्ट और अफ्रीका) सुमेर जुनेजा ने दी। सुमेर ने यह टिप्पणी ऐेसे समय में की है जब अधिकतर निवेशकों ने जिन कंपनियों में पैसे डाले हैं, उसे लेकर अधिक सोच-विचार करने लगे हैं। टाइगर ग्लोबल, प्रोसुस और अल्फा जैसे लेट-स्टेज इनवेस्टर भी निवेश से कतरा रहे हैं। सॉफ्टबैंक भी इसी वेट एंड वॉच मोड में रहा है लेकिन अब यह नए दौर की कंपनियों में निवेश और भारत में अपना पोर्टफोलियो तैयार करने की योजना बना रहा है।
