TCS Salary Hike: टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (Tata Consultancy Services) ने 1 अप्रैल से 4.5-7% की सीमा में वार्षिक वेतन वृद्धि की घोषणा की है। साथ ही यह भी कहा है कि कंपनी के टॉप परफॉर्मर्स को वित्त वर्ष 2023-24 के लिए डबल डिजिट में सालाना इंक्रीमेंट मिलेगा। वित्त वर्ष 2024 और जनवरी-मार्च 2024 के लिए वित्तीय नतीजों को लेकर जारी किए गए बयान में कंपनी के चीफ HR ऑफिसर मिलिंद लक्कड़ ने कहा, 'हमें अपनी वर्कफोर्स के लिए वार्षिक वेतन वृद्धि की घोषणा करते हुए खुशी हो रही है, जैसा कि हमने हर साल किया है। टॉप परफॉर्मर्स को डबल डिजिट में हाइक मिलती है।'
इससे पहले के वित्त वर्ष में, TCS ने 'असाधारण प्रदर्शन करने वालों' के लिए वेतन में 12-15 प्रतिशत की बढ़ोतरी की थी। साथ ही प्रमोशन भी किए थे। वेतन बढ़ोतरी 1 अप्रैल, 2023 से लागू हुई थी। ।
नौकरी छोड़ने की दर घटकर 12.5%
TCS में मार्च तिमाही के दौरान नौकरी छोड़ने की दर घटकर 12.5 प्रतिशत पर आ गई, जो इससे पहले की तिमाही में 13.3 प्रतिशत थी। लक्कड़ ने यह भी कहा कि कंपनी छोड़ने की दर गिरकर 12.5% पर आने, कैंपस हायरिंग को अच्छा रिस्पॉन्स मिलने, कस्टमर विजिट में बढ़ोतरी और कर्मचारियों के कार्यालय लौटने से हमारे डिलीवरी सेंटर्स में हलचल काफी तेज हुई है और हमारे सहयोगियों का मनोबल बढ़ा है।
19 वर्षों में पहली बार घटे कर्मचारी
टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) के कर्मचारियों की संख्या में 19 वर्षों में पहली बार गिरावट दर्ज की गई। ये 19 साल, 2004 में इसकी शेयर बाजार में लिस्टिंग के बाद के हैं। वित्त वर्ष 2024 में कंपनी के कर्मचारियों की संख्या में सालाना आधार पर 13,249 कर्मचारियों की गिरावट आई। तिमाही आधार पर जनवरी-मार्च में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज के कर्मचारियों की संख्या में 1,759 कर्मचारियों की गिरावट आई। ताजा गिरावट के साथ 31 मार्च, 2024 तक टीसीएस में कर्मचारियों की संख्या 6,01,546 थी।