टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) के कर्मचारियों की संख्या में 19 वर्षों में पहली बार गिरावट दर्ज की गई। ये 19 साल, 2004 में इसकी शेयर बाजार में लिस्टिंग के बाद के हैं। टाटा ग्रुप की आईटी कंपनी ने 12 अप्रैल को जनवरी-मार्च 2024 तिमाही और वित्त वर्ष 2023-24 के वित्तीय नतीजे जारी करने के दौरान बताया कि वित्त वर्ष 2024 में उसके कर्मचारियों की संख्या में सालाना आधार पर 13,249 कर्मचारियों की गिरावट आई। तिमाही आधार पर जनवरी-मार्च में टीसीएस (Tata Consultancy Services) के कर्मचारियों की संख्या में 1,759 कर्मचारियों की गिरावट आई।
ताजा गिरावट के साथ 31 मार्च, 2024 तक टीसीएस में कर्मचारियों की संख्या 6,01,546 थी। इससे पहले वित्त वर्ष 2023 में टीसीएस के कर्मचारियों की संख्या में 22,600 कर्मचारियों की वृद्धि हुई थी। वहीं वित्त वर्ष 2022 में कंपनी ने अपने साथ शुद्ध रूप से 1.03 लाख कर्मचारी जोड़े थे। वित्त वर्ष 2021 में टीसीएस के साथ 40,185 कर्मचारी, वित्त वर्ष 2020 में 24,179 कर्मचारी और वित्त वर्ष 2019 में 29,287 कर्मचारी जुड़े थे।
पिछली 3 तिमाहियों से घट रहे हैं कर्मचारी
यह लगातार तीसरी तिमाही है, जब टीसीएस में कर्मचारियों की संख्या घटी है। अक्टूबर-दिसंबर 2024 में तिमाही आधार पर कर्मचारियों की संख्या में 5,680 कर्मचारियों की गिरावट आई। जुलाई-सितंबर में 6,333 कर्मचारियों की कमी देखी गई। वहीं अप्रैल-जून 2024 के दौरान कर्मचारियों में कमी का आंकड़ा 523 था। जनवरी-मार्च 2023 में कंपनी ने अपने साथ 821 कर्मचारी जोड़े थे।
टॉप परफॉर्मर्स को डबल डिजिट में इंक्रीमेंट
TCS ने यह भी घोषणा की है कि कंपनी के टॉप परफॉर्मर्स को वित्त वर्ष 2023-24 के लिए डबल डिजिट में सालाना इंक्रीमेंट मिलेगा। कंपनी के चीफ HR ऑफिसर मिलिंद लक्कड़ ने कहा, 'हमें अपनी वर्कफोर्स के लिए वार्षिक वेतन वृद्धि की घोषणा करते हुए खुशी हो रही है, जैसा कि हमने हर साल किया है। टॉप परफॉर्मर्स को डबल डिजिट में हाइक मिलती है। कंपनी छोड़ने की दर गिरकर 12.5% पर आने, कैंपस हायरिंग को अच्छा रिस्पॉन्स मिलने, कस्टमर विजिट में बढ़ोतरी और कर्मचारियों के कार्यालय लौटने से हमारे डिलीवरी सेंटर्स में हलचल काफी तेज हुई है और हमारे सहयोगियों का मनोबल बढ़ा है।'
बता दें कि टीसीएस में मार्च तिमाही के दौरान नौकरी छोड़ने की दर घटकर 12.5 प्रतिशत पर आ गई, जो इससे पहले की तिमाही में 13.3 प्रतिशत थी।