भारत का विदेशी मुद्रा भंडार (Forex Reserve) 29 सितंबर को समाप्त सप्ताह में 3.794 अरब डॉलर घटकर 586.908 अरब डॉलर पर आ गया। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की ओर से यह जानकारी दी गई है। इससे पहले 22 सितंबर को समाप्त हुए सप्ताह में देश का कुल रिजर्व 2.335 अरब डॉलर की गिरावट के साथ 590.702 अरब डॉलर था। देश में विदेशी मुद्रा भंडार का अब तक का सर्वाधिक उच्च स्तर अक्टूबर 2021 में देखा गया था, जब यह 645 अरब डॉलर पर था। लेकिन पिछले साल वैश्विक घटनाक्रम से पैदा हुए दबावों के बीच RBI (Reserve Bank of India) ने रुपये के मूल्य में गिरावट को रोकने के लिए विदेशी मुद्रा भंडार का इस्तेमाल किया, जिससे यह घट गया।