Get App

'भारत के ही लोग देश की राजनीति को बाहर ले जा रहे हैं और बाहर के लोग...', राहुल गांधी पर जयशंकर का हमला

भारत में मानवाधिकारों के संबंध में ब्रिटेन में राहुल गांधी की टिप्पणी के संदर्भ में विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि भारतीय पासपोर्ट रखने वालों में से अधिकांश देश से गहराई से जुड़े हुए हैं। लेकिन ऐसे कुछ लोग हैं जो वीजा या कहीं और बसने के लिए अपने घर में सताए जाने का दावा करेंगे

MoneyControl Newsअपडेटेड Mar 26, 2023 पर 5:49 PM
'भारत के ही लोग देश की राजनीति को बाहर ले जा रहे हैं और बाहर के लोग...', राहुल गांधी पर जयशंकर का हमला
विदेश मंत्री का यह बयान कांग्रेस नेता राहुल गांधी के लंदन में दिए बयान पर प्रतिक्रिया के तौर पर देखा जा रहा है

भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर (S Jaishankar) ने शुक्रवार को एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि देश के भीतर के लोग राजनीति को बाहर ले जा रहे हैं और देश के बाहर के लोग भारतीय राजनीति में दखल दे रहे हैं। जयशंकर ने कहा कि आज हम यही देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि सब कुछ 2014 के बाद देखने को मिला है। विदेश मंत्री जयशंकर का यह बयान कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के लंदन में दिए बयान पर प्रतिक्रिया के तौर पर देखा जा रहा है।

विदेश मंत्री बेंगलुरु में BJYM युवा संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे, जहां ये बयान दिया। हालांकि, उन्होंने इस दौरान किसी का नाम नहीं लिया। लेकिन जयशंकर की यह टिप्पणी कांग्रेस पार्टी के नेता राहुल गांधी को लेकर चल रहे राजनीतिक विवाद के बीच आई है। बीजेपी की तरफ से राहुल गांधी पर भारत की आंतरिक राजनीति में विदेशों की मदद लेने का आरोप लगाया गया था।

जयशंकर ने आगे कहा, "2014 तक भारत में चीजें कैसी थीं? दुनिया में बहुत से लोग इससे बहुत असहज थे। लेकिन 2014 में चीजें बदलने के बाद उन्होंने अलग आत्मविश्वास, अलग अस्तित्व देखा। अचानक से लोग कहने लगे कि कुछ गड़बड़ है, अदालत ठीक से काम नहीं कर रही हैं। चुनाव आयोग ठीक नहीं है। प्रेस पर पाबंदी लगाई जा रही है।" उन्होंने पूछा कि सब कुछ 2014 के बाद ही हुआ?

विदेश मंत्री ने इशारों-इशारों में राहुल गांधी द्वारा विदेश में दिए गए बयान को लेकर उन पर हमला बोलते हुए कहा, "ऐसा क्यों हो रहा है? आपके पास भारत के बाहर ऐसे लोग हैं जो विदेश में देश को लेकर बयान देते हैं। ऐसे लोगों को देश में चुनावी सफलता नहीं मिलती है। इसके बाद भी बाहर उन्हें भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले के रूप में देखा जाता है। अगर आप इतिहास देखें तो ये सामान्य बात है।"

सब समाचार

+ और भी पढ़ें