Maharashtra Political Crisis: महाराष्ट्र की राजनीति में एक बड़े नाटकीय घटनाक्रम के तहत रविवार दो जुलाई को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के वरिष्ठ नेता अजित पवार पार्टी में विभाजन की स्थिति पैदा करते हुए राज्य सरकार में डिप्टी सीएम बन गए। इस कदम ने उनके चाचा शरद पवार को चौंका दिया है, जिन्होंने 24 साल पहले पार्टी की स्थापना की थी। दक्षिण मुंबई के राजभवन में आयोजित समारोह में NCP के आठ अन्य नेताओं ने भी मंत्री पद की शपथ ली। राजभवन में आयोजित एक समारोह में राज्यपाल रमेश बैस ने अजित पवार को डिप्टी सीएम पद की शपथ दिलाई। वहीं, मंत्री पद की शपथ लेने वालों में छगन भुजबल, दिलीप वाल्से पाटिल, हसन मुशरिफ, धनंजय मुंडे, अदिति तटकरे, धर्मराव अत्राम, अनिल पाटिल और संजय बनसोडे शामिल हैं।
