Get App

Bird Flu Alert: आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में बर्ड फ्लू की दहशत, चिकन की कीमतों में भारी गिरावट, रेट गिरकर ₹30 kg हुई

Bird Flu Alert: तेलंगाना सरकार ने पड़ोसी राज्य आंध्र प्रदेश में एवियन इन्फ्लूएंजा की पुष्टि होने के बाद पोल्ट्री किसानों को चेतावनी जारी की है। आंध्र प्रदेश से पोल्ट्री के एंट्री पर रोक लगा दी गई है। यह कदम आंध्र प्रदेश के पूर्वी गोदावरी जिले में बर्ड फ्लू के प्रकोप की सूचना के बाद उठाया गया है। अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्र के आसपास के इलाके को 'रेड जोन' घोषित किया है

Akhileshअपडेटेड Feb 12, 2025 पर 3:29 PM
Bird Flu Alert: आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में बर्ड फ्लू की दहशत, चिकन की कीमतों में भारी गिरावट, रेट गिरकर ₹30 kg हुई
Bird Flu Alert: बर्ड फ्लू के कारण मुर्गियों की मौत होने की पुष्टि हुई है, जिससे व्यापक स्तर पर दहशत फैल गई है

Bird Flu Alert: तेलुगु राज्यों तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में मुर्गियों की मौत बर्ड फ्लू के कारण होने की पुष्टि हुई है। इससे व्यापक स्तर पर दहशत फैल गई है। स्थिति को कम करने के लिए, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना सरकारों ने चिकन एवं अंडों के लिए गाइडलाइंस जारी किए हैं। इससे चिकन की मांग में भारी कमी आई है। इसके बाद चिकन की कीमतों में भी गिरावट आई है। इससे पोल्ट्री उद्योग पर बहुत बुरा असर पड़ा है। तेलंगाना में भी कुछ मुर्गियों की मौतें हुई हैं, लेकिन अभी तक बर्ड फ्लू की पुष्टि नहीं हुई है।

आंध्र प्रदेश के पूर्वी गोदावरी और पश्चिमी गोदावरी जिलों में हाल ही में मुर्गियों की मौत ने चिंता बढ़ा दी है। वेलपुर और कनूर में प्रभावित फार्मों से सैंपल भोपाल में राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान (NIHSAD) को भेजे गए, जिसमें एवियन इन्फ्लूएंजा (H5N1-बर्ड फ्लू) की मौजूदगी की पुष्टि हुई। इसके बाद कलेक्टरों ने प्रभावित क्षेत्रों में चिकन खाने से मना किया है। साथ ही हेल्पलाइन स्थापित की गई हैं।

पश्चिम गोदावरी जिले के पोल्ट्री किसान वेंकट ने बीमारी के तेजी से फैलने को लेकर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा, "हम मृत मुर्गियों को दफना रहे हैं और सावधानी बरत रहे हैं, लेकिन स्थिति और खराब हो सकती है।" हालांकि तेलंगाना में कोई मामला सामने नहीं आया है। लेकिन निजामाबाद और कामारेड्डी जिलों में हजारों मुर्गियों की मौत की सूचना मिली है। तेलंगाना सरकार ने सतर्कता बढ़ा दी है। सरकार ने आंध्र प्रदेश की सीमा पर चेक-पोस्ट स्थापित किए हैं और पोल्ट्री वाहनों को वापस कर दिया है।

तेलंगाना के पशुपालन विभाग के प्रधान सचिव साची घोष ने लोगों से जागरूक रहने का आग्रह किया। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा, "लोगों को सतर्क रहना चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि केवल ठीक से पका हुआ मांस और अंडे ही खाए जाएं।"

सब समाचार

+ और भी पढ़ें