दिग्गज फिनटेक प्लेटफॉर्म भारतपे (BharatPe) के पूर्व एमडी अश्नीर ग्रोवर (Ashneer Grover) और उनके परिवार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। आर्थिक मामलों की जांच एजेंसी इकनॉमिक अफेंसेज विंग (EOW) ने अश्नीर ग्रोवर, उनकी पत्नी माधुरी जैन ग्रोवर के साथ उनके परिवार के सदस्यों दीपक गुप्ता, सुरेश जैन और श्वेतांक जैन के खिलाफ बुधवार को एफआईआर दर्ज की। यह एफआईआर आठ धाराओं में दर्ज है जिसमें धारा 409 (पब्लिक सर्वेंट, बैंकर, व्यापारी या एजेंट द्वारा भरोसे के आपराधिक हनन), धारा 420 (प्रॉपर्टी को लेकर बेईमानी और धोखाधड़ी), धारा 467 (कीमती सिक्योरिटीज, वसीयत इत्यादि के फर्जीवाड़े) और धारा 120बी ( आपराधिक षड्यंत्र) शामिल हैं। इसके अलावा 81 करोड़ रुपये के इस फर्जीवाड़े में ग्रोवर और उनके परिवार के खिलाफ आईपीसी की धारा 406, धारा 408, धारा 468 और धारा 471 के तहत भी मामला बना है।
