Gamla Chor VIDEO: गुरुग्राम का 'गमला चोर' मनमोहन गिरफ्तार, Elvish Yadav पर क्यों लगे चोरी के आरोप?

Gamla Chor: गूरुग्राम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक महंगी गाड़ी में दो लोग सड़क के किनारे लगे गमले को चुराते दिखाई दे रहे हैं। यह गमले G-20 के मद्देनजर सड़क के किनारे रखे गए थे। पुलिस ने आरोपी शख्स की पहचान मनमोहन यादव के रूप में की है। उसके ड्राइवर की अभी पहचान नहीं हो पाई है। इस बीच, मशहूर यूट्यूबर एल्विश यादव का मामले में नाम सामने आने के बाद नया बवाल शुरू हो गया है

अपडेटेड Mar 01, 2023 पर 3:15 PM
Story continues below Advertisement
Gamla Chor: चोरी किए गमले एवं चोरी के लिए इस्तेमाल की गई लग्जरी कार भी बरामद की जा चुकी है

सोशल मीडिया पर बड़े पैमाने पर वीडियो वायरल होने के बाद लाखों रुपए की लग्जरी कार में सवार होकर आए गमला चोर (Gamla Chor) को गुरुग्राम पुलिस (Gurugram Police) ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने कार के नंबर के आधार पर मनमोहन यादव नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया है। जबकि पुलिस दूसरे आरोपी की तलाश कर रही है। यह गमले G-20 के मद्देनजर सड़क के किनारे रखे गए थे। कार के ड्राइवर की अभी पहचान नहीं हो पाई है। चोरी किए गमले एवं चोरी के लिए इस्तेमाल की गई लग्जरी कार भी बरामद की जा चुकी है।

हाल ही में, गुरुग्राम के शंकर चौक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें दो व्यक्तियों को एक शानदार कार से उतरकर G-20 इवेंट के लिए रखे गए फूलों के गमलों को चुराते हुए देखा गया था। वीडियो इंटरनेट पर जंगल में आग की तरफ फैल गई। वीडियो वायरल होने के कुछ घंटों बाद गुरुग्राम पुलिस ने मामले में चोरी की FIR दर्ज की थी। गुरुग्राम पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान गांधीनगर इलाके में रहने वाले मनमोहन यादव के रूप में की गई है। इस मामले में गिरफ्तार शख्स से पुलिस पूछताछ कर रही है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस की शुरुआती पूछताछ में खुलासा हुआ है कि मनमोहन और उसका एक साथी दिल्ली से गुरुग्राम लौट रहे थे। शंकर चौक के पास सड़क पर खूबसूरत फूलों के गमलों को देखकर उन्हें लालच हुआ। इसके बाद गाड़ी रोककर दोनों ने कई गमले उठाकर अपनी कार में भर लिए। चोरी के बाद दोनों गमले लेकर मौके से फरार हो गए। आरोपी ने बताया कि उन्हें बिल्कुल भी अंदेशा नहीं था कि कोई उनकी शर्मनाक हरकतों का वीडियो बना रहा है। उन्होंने खुद बाद में इस वायरल वीडियो को देखा।


मामले में क्यों सामने आया Elvish Yadav का नाम?

दिलचस्प बात यह है कि गुरुग्राम पुलिस द्वारा FIR दर्ज करने के बाद मशहूर यूट्यूबर एल्विश यादव (YouTube influencer Elvish Yadav) का नाम सामने आया है। सोशल मीडिया पर आरोप लगाया जा रहा है कि चोरी में इस्तेमाल की गई कार यादव की थी। हालांकि उन्होंने इन दावों को पूरी तरह से नकार दिया है। दरअसल, सोशल मीडिया पर लोग गमला चोरी के वीडियो के साथ एक तस्वीर शेयर कर रहे हैं। इस तस्वीर में एल्विश दिखाई दे रहे हैं। ऐसा कहा जा रहा है कि यह बीते साल की है, जब एल्विश राजस्थान के तिजारा पहुंचे थे।

सोशल मीडिया पर यूजर्स दावा कर रहे हैं कि जिस गाड़ी में वह पहुंचे थे, वही नंबर प्लेट वाली कार गमला चोरी के वीडियो में दिखाई दे रही है। एक यूजर ने वीडियो और तस्वीरों के साथ लिखा, 'गुरुग्राम में G-20 के लिए लाए गए फूलों के गमले यूट्यूबर एल्विश यादव की कार से चुराए जा रहे हैं?' उन्होंने गमला चोरी का वीडियो और एक तस्वीर शेयर की है। हालांकि, पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गमला चोर मनमोहन का बेटा यूट्यूबर एल्विश यादव का दोस्त है। पुलिस ने बताया कि उसी की गाड़ी मांगकर उसने कभी वीडियो बनाया होगा, लेकिन उसका इस मामले से कोई लेना देना नही है।

ये भी पढ़ें- उमेश पाल हत्याकांड: खौफ में अतीक अहमद का परिवार! पत्नी और भाई ने जताई एनकाउंटर की आशंका, गैंगस्टर के करीबी जफर के घर पर चला बुलडोजर

हालांकि, इसके बावजूद इस घटना से यूट्यूबर का नाम जुड़ने के बाद ट्विटर पर #Elvishyadav और #gamlachor ट्रेंड करने लगा। मामले के तूल पकड़ने के बाद यूट्यूबर को खुद आकर सफाई देनी पड़ी। यादव ने ट्वीट किया, 'यह मेरा वाहन नहीं है। मैं सभी से विनम्र निवेदन करता हूं कि मेरे बारे में कोई भी गलत जानकारी न फैलाएं। मैं उन लोगों पर मुकदमा कर रहा हूं जो मेरे बारे में गलत जानकारी फैला रहे हैं।'

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।