Kerala Rains: केरल में लगातार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, IMD ने 7 जिलों के लिए जारी किया ऑरेंज अलर्ट

विभिन्न जिलों में पिछले कुछ दिनों में जारी किया गया रेड अलर्ट वापस ले लिया गया है, लेकिन विभिन्न मौसम अनुमान केंद्रों ने राज्य में छिटपुट स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान लगाया है

अपडेटेड May 18, 2022 पर 3:07 PM
Story continues below Advertisement
राष्ट्रीय आपदा मोचन बल ने पहले ही केरल में 5 टीमें भेज रखी हैं

Kerala Rains: देश के कई राज्य एक तरफ जहां भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं, वहीं दूसरी तरफ कई राज्यों में बारिश कहर बनकर टूटा है। असम और कर्नाटक में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं। भारी बारिश से असम के कई जिले और कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु पानी-पानी हो गया है। इस बीच मौसम विभाग ने केरल के सात जिलों में ऑरेंज अलर्ट (Orange Alert) जारी किया है।

केरल के कई हिस्सों में लगातार हो रही भारी बारिश के मद्देनजर भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य के सात जिलों में आज के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। IMD ने जिन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है उनमें त्रिशूर, पलक्कड़, मलप्पुरम, कोझीकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड शामिल हैं।

ये भी पढ़ें- UP में अब नए मदरसों को नहीं मिलेगा सरकारी अनुदान, CM योगी ने पलटा अखिलेश सरकार का फैसला


इसके अलावा मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए कन्नूर और कासरगोड में ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है। देश के विभिन्न मौसम पूर्वानुमान केंद्रों ने आज राज्य भर में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की भविष्यवाणी की है। इसके साथ ही मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने के लिए कहा गया है।

कई इलाकों में बाढ़ का अलर्ट जारी

इसके अलावा कई इलाकों में बाढ़ का अलर्ट भी जारी किया गया है। कोट्टायम में भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया और नदियां उफान पर आ गईं हैं। भारी बारिश की वजह से बिजली की लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं और फसलें भी नष्ट हो गई हैं।

विभिन्न जिलों में पिछले कुछ दिनों में जारी किया गया रेड अलर्ट वापस ले लिया गया है, लेकिन विभिन्न मौसम अनुमान केंद्रों ने राज्य में छिटपुट स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान लगाया है। रेड अलर्ट भीषण बारिश का संकेत होता है।

ये भी पढ़ें- Weather Updates: बेंगलुरु में मूसलाधार बारिश के चलते बाढ़ जैसे हालात, असम में भी बाढ़ और भूस्खलन से 4 लाख से अधिक लोग प्रभावित

IMD ने कहा कि बारिश के साथ 40-50 किलोमीटर प्रति घंटा से लेकर 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने कहा कि मछुआरों को समुद्री क्षेत्रों में नहीं जाने की सलाह दी जाती है। केरल में पिछले कुछ दिनों से भारी बारिश हो रही है जिसने कुछ स्थानों पर सामान्य जनजीवन प्रभावित किया है।

इस महीने के आखिर तक दक्षिणपश्चिम मानसून के शुरू होने के मद्देनजर भारी बारिश पर विचार करते हुए राज्य सरकार ने जिलाधिकारियों को बैठक बुलाई थी। सरकार ने किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के निर्देश दिये थे। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल ने पहले ही केरल में पांच टीमें भेज रखी हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।