MP News: सेल्फी लेने पर स्कूल ने जताई आपत्ति, नाराज 12वीं के नाबालिग स्टूडेंट ने दे दी अपनी जान

MP News: मध्य प्रदेश के गुलवाड़ में सरकारी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में पढ़ने वाले और सरकारी हॉस्टल में रहने वाले 17 वर्षीय आदिवासी छात्र राज ओसारी ने गुरुवार (7 नवंबर) दोपहर को आत्महत्या कर ली। उसके रिश्तेदारों और एक गार्ड ने उसे ऐसा करने से रोकने की कोशिश की लेकिन वह उसे रोक नहीं सके

अपडेटेड Nov 08, 2024 पर 7:03 PM
Story continues below Advertisement
MP News: पुलिस के मुताबिक, छात्र ने अपने परिवार के सदस्यों की डांट के डर से यह कदम उठाया

MP News: मध्य प्रदेश से एक बहुत ही दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां सेल्फी की वजह से एक कक्षा 12वीं के आदिवासी छात्र ने आत्महत्या कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। स्कूल में सेल्फी लेने से रोकने पर छात्र ने कूदकर आत्महत्या कर ली। यह दुखद मामला मध्य प्रदेश के खरगोन से आई है, जहां ऐतिहासिक स्थल जाम गेट से 12वीं के एक छात्र ने कूदकर जान दे दी। स्कूल के अधिकारियों ने उसके मोबाइल फोन के इस्तेमाल और परिसर में सेल्फी लेने की कोशिश पर आपत्ति जताई थी।

पीटीआई के मुताबिक, मंडलेश्वर क्षेत्र के गुलवाड़ में सरकारी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में पढ़ने वाले और सरकारी हॉस्टल में रहने वाले 17 वर्षीय आदिवासी छात्र राज ओसारी ने गुरुवार (7 नवंबर) दोपहर को आत्महत्या कर ली। उसके रिश्तेदारों और एक गार्ड ने उसे ऐसा करने से रोकने की कोशिश की लेकिन वह उसे रोक नहीं सके।

खरगोन जिले के SP धर्मराज मीना ने बताया, "राज ने जाम गेट से छलांग लगा दी और फिर उसे एक खाई में पाया गया। जब वह कूदने की कोशिश कर रहा था, तो उसके रिश्तेदारों और मौके पर तैनात सुरक्षा गार्ड ने उसे ऐसा न करने के लिए कहा, लेकिन उसने उनकी बात नहीं मानी और यह कदम उठा लिया।"


हॉस्टल सुपरिटेंडेंट ने परिवार से की थी शिकायत

अधिकारी ने बताया कि उसे मंडलेश्वर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वह मंडलेश्वर क्षेत्र के काकड़ खोदरी गांव का रहने वाला था। मृतक के चाचा जितेंद्र ओसारी ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि हॉस्टल सुपरिटेंडेंट प्रकाश गिरवाल ने उसे फोन कर स्कूल में राज द्वारा मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने की शिकायत की थी।

उन्होंने बताया कि स्कूल के प्रिंसिपल के सी सांड ने बुधवार को स्कूल में राज के सेल्फी लेने पर आपत्ति जताई थी। इस पर राज ने आत्महत्या करने या स्कूल से भाग जाने की धमकी दी। प्रिंसिपल ने इसके बाद हॉस्टल सुपरिटेंडेंट से राज के परिजनों को बुलाकर मामला सुलझाने को कहा। लेकिन जब उसके रिश्तेदार कृष्णा और उसका बेटा गणेश उससे मिलने स्कूल आए तो राज भाग गया। वे सभी उसे ढूंढ़ने गए, लेकिन वह नहीं मिला। राज बाद में स्कूल आया और हॉस्टल सुपरिटेंडेंट ने तुरंत उसके परिजनों को इसकी सूचना दी।

अधिकारी ने बताया कि वे रात साढ़े नौ बजे फिर हॉस्टल पहुंचे, लेकिन राज छात्रावास की चारदीवारी फांदकर भाग निकला। उन्होंने बताया कि वह देर रात फिर स्कूल आया और गुरुवार सुबह नाश्ता करने के बाद छात्रावास से भाग गया। प्रिंसिपल ने स्टाफ से उसे पकड़ने के लिए कहा, लेकिन वे ऐसा नहीं कर पाए।

ये भी पढ़ें- कनाडा मंदिर में 'हिंसक बयानबाजी' के लिए निलंबित हिंदू पुजारी फिर बहाल, "बटोगे तो कटोगे" पर हो गए थे सस्पेंड

घटनास्थल से उसका मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। एसपी ने बताया कि अब तक की जांच के आधार पर संभावना है कि उसने अपने परिवार के सदस्यों की डांट के डर से यह कदम उठाया हो। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है, क्योंकि घटना के पीछे कोई और मकसद भी हो सकता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।