Sachin Meena and Seema Haider Case: पाकिस्तानी महिला सीमा हैदर (Seema Haider) अपने प्रेमी सचिन मीणा (Sachin Meena) के साथ भारत में रहेगी या अपने वतन वापस लौटेगी इसका फैसला जल्द ही होने वाला है। ATS की पूछताछ के बाद नोएडा पुलिस ने इस मामले की जांच तेज कर दी है। नोएडा पुलिस ने अपने भारतीय प्रेमी के साथ रहने के लिए भारत में घुसपैठ करने में कामयाब रही पाकिस्तानी नागरिक सीमा हैदर से बरामद सभी दस्तावेजों को सत्यापन के लिए दिल्ली में स्थित पाकिस्तान के दूतावास को भेज दिया है। नोएडा पुलिस ने सीमा के पास से बरामद पासपोर्ट, पाकिस्तानी पहचान पत्र, सीमा के बच्चों का पासपोर्ट समेत बरामद सभी दस्तावेजों को पाक दूतावास को भेजा है ताकि ये पुख्ता हो सके कि सीमा पाकिस्तानी है।
सीमा हैदर इसी साल मई में अपने चार बच्चों के साथ अपने प्रेमी सचिन मीना के साथ रहने के लिए अवैध रूप से नेपाल के रास्ते भारत आने के बाद जांच के दायरे में है। 4 जुलाई को पुलिस द्वारा पकड़े जाने के बाद से सीमा हैदर पाकिस्तानी जासूस होने के संदेह में सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर हैं। पुलिस ने जांच के दौरान सीमा हैदर के दस्तावेज बरामद किए, जिनमें उसका पासपोर्ट, पाकिस्तानी आईडी कार्ड और उसके बच्चों के पासपोर्ट शामिल थे। वह पाकिस्तानी नागरिक है या नहीं, इसकी पुष्टि के लिए ये सभी दस्तावेज पाकिस्तान दूतावास को भेजे गए हैं। इस बीच पुलिस सीमा हैदर के मोबाइल फोन की फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
बता दें कि मामले की जांच पहले ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा थाना पुलिस कर रही थी। मामले में FIR खुद रबूपुरा SHO ने दर्ज करवाई थी। कानूनी प्रक्रिया के तहत जांच और चार्जशीट वो खुद दाखिल नहीं कर सकते इसलिए जांच जेवर थाना पुलिस को दे दी गई है। केस को आगे बढ़ाने के लिए और ये साबित करने के किया की सीमा पाकिस्तान की रहने वाली है और अवैध तरीके से भारत में दाखिल हुई थी। इसके लिए सबसे जरूरी है पाकिस्तान सरकार की तरफ से पुष्टि करना की वाकई सीमा पाकिस्तान की नागरिक है। इसलिए नोएडा पुलिस ने तमाम दस्तावेज पाकिस्तानी दूतावास को भेजा है।
ATS ने दो दिन तक की पूछताछ
उत्तर प्रदेश आतंकवाद निरोधक दस्ते (ATS) ने कपल से दो दिनों तक पूछताछ की थी। वहीं, नोएडा पुलिस अलग से इस मामले की जांच कर रही है। नोएडा पुलिस ने अभी चार्जशीट दाखिल नहीं किया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया कि अब तक की जांच के अलावा, पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि सीमा के वास्ते फर्जी आधार कार्ड बनवाने के लिए सचिन ने कौन से पहचान पत्र जमा किए थे।
अधिकारी ने कहा कि पुलिस जांच चल रही है। जांच प्रक्रिया पूरी होने तथा सबूत एकत्र होने के बाद मामले में आरोप पत्र दायर किया जाएगा। पाकिस्तान के सिंध प्रांत की रहने वाली सीमा हैदर 13 मई को बस से नेपाल के रास्ते अपने चार बच्चों के साथ अवैध रूप से भारत में दाखिल हुई थी। उसका कहना है कि वह अपने भारतीय प्रेमी सचिन मीणा के साथ रहने आई थी, जो ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा इलाके में रहता है।
पुलिस ने किया था गिरफ्तार
स्थानीय पुलिस ने 4 जुलाई को सीमा को अवैध रूप से भारत में दाखिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया था। जबकि सचिन को अवैध प्रवासियों को शरण देने के लिए गिरफ्तार किया गया था। हालांकि, उन दोनों को 7 जुलाई को एक स्थानीय अदालत ने जमानत दे दी थी। वे अपने चार बच्चों के साथ रबूपुरा इलाके के एक घर में रह रहे हैं। सीमा ने यह भी कहा है कि वह पाकिस्तान वापस नहीं जाना चाहती और सचिन के साथ रहना चाहती है। उसने यह भी दावा किया कि वह हिंदू बन गई है।
इस सप्ताह एक मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसियों ISI ने देश की सरकार को सूचित किया है कि प्यार ही वह एकमात्र कारक है जिसके कारण चार बच्चों की मां एक हिंदू व्यक्ति के साथ रहने के लिए भारत में दाखिल हुई। युवक से उसकी दोस्ती एक ऑनलाइन गेम प्लेटफॉर्म PUBG के माध्यम से हुई थी।