Madhya Pradesh Rape Case: मध्य प्रदेश के उज्जैन (Ujjain Rape Case) शहर में 12 साल की एक नाबालिक बच्ची से दरिंदगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। लड़की सोमवार को सड़क पर खून से लथपथ हालत में पाई गई। मेडिकल जांच में उसके साथ बलात्कार किए जाने की पुष्टि हुई है। कथित तौर पर बलात्कार के बाद खून लथपथ और अर्धनग्न हालत में लड़की मदद के लिए दर-दर भटकती रही, लेकिन कोई भी शख्स मदद के लिए आगे नहीं आया। यह घटना उज्जैन से लगभग 15 किमी दूर बड़नगर रोड पर CCTV कैमरे में कैद हो गई।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच और CCTV फुटेज की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है। एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि 25 सितंबर को मिली लड़की संभवत: पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश की रहने वाली है। हाालंकि, उसकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है, क्योंकि वह पुलिस को अपना नाम और पता ठीक से नहीं बता पा रही है।
वीडियो में अर्धनग्न अवस्थान में घायल नाबालिग को घर-घर जाकर मदद मांगते देखा गया, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। यहां तक कि जब वह मदद के लिए एक शख्स के पास पहुंची तो उसके घर के बाहर खड़े एक व्यक्ति ने उसे भगा दिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, लड़की आखिरकार एक आश्रम पहुंची, जहां एक पुजारी ने उसे तौलिये से ढक दिया। इसके बाद उसे जिला अस्पताल ले जाया गया। जिला अस्पताल में नाबालिग की मेडिकल जांच में दुष्कर्म की पुष्टि हुई।
SP सचिन शर्मा ने पीटीआई को बताया, "लगभग 12 साल की एक बच्ची सोमवार को उज्जैन के महाकाल पुलिस थाना क्षेत्र में एक सड़क पर खून से लथपथ पाई गई। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां मेडिकल जांच में उसके साथ बलात्कार की पुष्टि हुई है।" SP ने कहा कि चूंकि नाबालिग की हालत गंभीर है इसलिए उसे आगे के इलाज के लिए मंगलवार को इंदौर ले जाया गया। उन्होंने बताया कि महाकाल थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और घटना की जांच जारी है।
अधिकारी ने कहा, "मामले की जांच और सीसीटीवी फुटेज की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है ताकि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।" इस बीच, मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रमुख कमलनाथ ने पीड़िता को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और आरोपियों को सख्त से सख्त सजा दी जाने की मांग की है। कांग्रेस नेता ने कहा कि मध्य प्रदेश में कानून का राज खत्म हो गया है। अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं, जबकि जनता परेशान है।