Dalal Street Week Ahead: 2 फरवरी को समाप्त बजट सप्ताह में शेयर बाजार एक नई ऊंचाई पर पहुंच गया। वित्त वर्ष 2025 के लिए वित्तीय घाटे के लक्ष्य में गिरावट, अंतरिम बजट 2024 में पूंजीगत खर्च पर ध्यान केंद्रित करने और सकारात्मक वैश्विक संकेत बाजार में तेजी के प्रमुख कारण रहे। सप्ताह के दौरान निफ्टी50, 501 अंक या 2.35 प्रतिशत उछलकर 21,854 पर पहुंच गया और बीएसई सेंसेक्स 1,385 अंक या 1.96 प्रतिशत बढ़कर 72,086 पर पहुंच गया। एफएमसीजी को छोड़कर अधिकांश क्षेत्रों में तेजी देखी गई। निफ्टी मिडकैप 100 और स्मॉलकैप 100 सूचकांकों ने क्रमशः 2.7 प्रतिशत और 5.6 प्रतिशत की बढ़त के साथ बेहतर प्रदर्शन किया। 5 फरवरी से शुरू हो रहे सप्ताह में कौन से फैक्टर्स शेयर बाजारों की चाल तय करने में अहम भूमिका निभाएंगे, आइए जानते हैं...
पॉलिसी रेट्स को लेकर RBI का फैसला
सभी की निगाहें नए सप्ताह में मौद्रिक नीति समिति (MPC) की इस वित्त वर्ष की आखिरी बैठक के नतीजों पर रहेंगी। महंगाई में लगातार कमी को देखते हुए प्रमुख पॉलिसी रेट्स के जस का तस रहने का अनुमान है।
अभी भी कई कंपनियों की ओर से अक्टूबर-दिसंबर 2023 तिमाही के नतीजे जारी किया जाना बाकी है। नए हफ्ते में 1,200 कंपनियां दिसंबर 2023 नतीजे जारी करेंगी। इनमें Bharti Airtel, Britannia, Nestle India, Power Grid Corporation, Tata Consumer Products, Grasim Industries, Hero MotoCorp, Divis Laboratories, ONGC, Life Insurance Corporation, Lupin, FSN E-Commerce Ventures (Nykaa), Zomato, Honasa Consumer, Tata Power, Alembic Pharma, Ashok Leyland, Varun Beverages, Godrej Properties, Apollo Tyres, Manappuram Finance, Apollo Hospitals Enterprise, Biocon, Escorts Kubota, Patanjali Foods, PFC, Alkem Labs, Zydus Lifesciences, Aurobindo Pharma और MCX India समेत कई अन्य नाम शामिल हैं।
मार्केट पार्टिसिपेंट्स की नजर जनवरी के लिए सर्विसेज PMI data पर भी रहेगी, जो 5 फरवरी को सामने आएगा। सर्विसेज सेक्टर की गतिविधियों को मापने वाला दिसंबर में भारत का सर्विसेज PMI बढ़कर 59 रहा था। इसमें जनवरी में भी उछाल आने की उम्मीद है। 2 फरवरी को समाप्त हुए सप्ताह के लिए विदेशी मुद्रा भंडार का आंकड़ा 9 फरवरी को रिलीज होगा।
वैश्विक मोर्चे पर फेडरल रिजर्व के कई अधिकारियों की स्पीच पर नजर रहेगी। इसके अलावा अमेरिका के जॉब डेटा, जनवरी के लिए चीन के महंगाई आंकड़ों पर भी ध्यान दिया जाएगा।
भारत जैसे तेल आयातक देशों के लिए कच्चे तेल की कीमतें अनुकूल बनी हुई हैं। यह भी शेयर बाजार को सपोर्ट देने वाला एक प्रमुख कारण है। अंतर्राष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड वायदा ने 2 फरवरी को समाप्त सप्ताह के दौरान इससे पहले के दो सप्ताह की बढ़त खो दी और कीमत 6.8 प्रतिशत गिरी। संभावित उच्च ब्याज दरें, चीन में कमजोर वृद्धि और इजराइल-हमास संघर्ष को रोकने के लिए बातचीत में प्रगति की कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के कारण तेल की कीमतों में गिरावट आई।
विदेशी संस्थागत निवेशक बीते सप्ताह में भी शुद्ध विक्रेता बने रहे। इसका कारण अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी और इक्विटी बाजार में उच्च वैल्यूएशन हो सकते हैं। एफआईआई ने पिछले सप्ताह कैश सेगमेंट में लगभग 2,000 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे। वहीं घरेलू संस्थागत निवेशकों ने सप्ताह के दौरान 10,000 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के शेयर खरीदे।
नए शुरू हो रहे सप्ताह में मेनबोर्ड सेगमेंट में 4 आईपीओ दस्तक देंगे। एपीजे सुरेंद्र पार्क होटल्स का 920 करोड़ रुपये का आईपीओ 5 फरवरी को खुलेगा। राशि पेरिफेरल्स, जना स्मॉल फाइनेंस बैंक और कैपिटल स्मॉल फाइनेंस बैंक 7 फरवरी को अपने आईपीओ ओपन करेंगे। एसएमई सेगमेंट में, अल्पेक्स सोलर आईपीओ का आईपीओ 8 फरवरी को खुलेगा। पहले से ओपन इटैलियन एडिबल्स का इश्यू 7 फरवरी को क्लोज होगा।
लिस्टिंग की बात करें तो मेनबोर्ड सेगमेंट से बीएलएस ई-सर्विसेज 6 फरवरी को शेयर बाजार में डेब्यू करेगी। एसएमई सेगमेंट में मयंक कैटल फूड, हर्षदीप हॉर्टिको और मेगथर्म इंडक्शन 5 फरवरी को अपने शेयर लिस्ट करेंगे। बावेजा स्टूडियोज के शेयरों की लिस्टिंग 6 फरवरी को और गेब्रियल पेट स्ट्रैप्स की 7 फरवरी को होगी।
अगले सप्ताह के प्रमुख कॉरपोरेट एक्शंस इस तरह हैं...
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।