Knowledge Marine Share : नॉलेज मैरीन एंड इंजीनियरिंग वर्क्स (KMEW) के शेयर बुधवार, 16 नवंबर को इंट्राडे में 5 फीसदी की रैली के साथ 918 रुपये के स्तर पर पहुंच गए। पिछले तीन ट्रेडिंग सेशन में शेयर लगभग 16 फीसदी मजबूत हो चुका है। दरअसल, शिपिंग बिजनेस से जुड़ी इस कंपनी के बोर्ड ने दिग्गज इनवेस्टर आशीष कचोलिया (Ashish Kacholia) और अन्य को प्रिफरेंशियल इश्यू जारी करने के लिए मंजूरी दे दी है। दोपहर 1.30 बजे बीएसई पर कंपनी का शेयर 5 फीसदी मजबूत होकर 918 रुपये पर बना हुआ है। दोपहर तक कंपनी के 1,30,000 शेयरों के सौदे हो चुके हैं, जबकि पिछले दो हफ्तों के दौरान औसतन 31,000 शेयरों के सौदे हुए हैं।
