सार्वजनिक क्षेत्र के पंजाब नेशनल बैंक (Punjab National Bank or PNB) के शेयरों में 4 दिसंबर को शुरुआती कारोबार में करीब 5 प्रतिशत तक की तेजी आई और शेयर 52 सप्ताह के उच्च स्तर को छू गया। कहा जा रहा है कि बैंक के शेयर में आई यह तेजी 3 राज्यों के विधानसभा चुनावों में बीजेपी की जीत का असर है। छत्तीसगढ़, राजस्थान और मध्य प्रदेश में बीजेपी के सत्ता में आने की खबर से अधिकतर PSU स्टॉक्स में तेजी है, जिनमें से PNB भी एक है। 4 दिसंबर को शेयर सुबह बढ़त के साथ बीएसई पर 83 रुपये पर खुला। तुरंत ही यह पिछले बंद भाव से करीब 5 प्रतिशत की तेजी दर्शाता हुआ 52 सप्ताह के उच्च स्तर 84.60 रुपये पर पहुंच गया।
एनएसई पर शेयर 83.15 रुपये पर खुला और यहां भी शुरुआती कारोबार में 52 सप्ताह के उच्च स्तर 84.60 रुपये तक चला गया। कारोबार खत्म होने पर शेयर करीब 4 प्रतिशत की बढ़त के साथ बीएसई और एनएसई पर करीब 84 रुपये पर सेटल हुआ है। पीएनबी के शेयर का 52 सप्ताह का निचला स्तर बीएसई पर 44.41 रुपये और एनएसई पर 44.40 रुपये है। पिछले 6 माह में शेयर 55 प्रतिशत चढ़ा है।
ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के मुताबिक, 'इक्विटी बाजार, राज्य विधानसभा चुनावों के नतीजे और ये 2024 के आम चुनावों के लिए क्या संकेत देते हैं, इसे लेकर चिंतित थे। केंद्र में मौजूदा बीजेपी सरकार के पक्ष में बड़ी जीत आने से, बाजार का मौजूदा सरकार पर भरोसा है और 2024 के लोकसभा चुनावों के बाद राजनीतिक निरंतरता को बढ़ावा मिलेगा।' ब्रोकरेज फर्म फिलिपकैपिटल का कहना है कि आम चुनावों से पहले बीजेपी की 3 राज्यों में जीत, पार्टी के लिए एक बड़ी सकारात्मक बात है। साथ ही इससे भारत में विदेशी निवेशकों की ओर से निवेश बढ़ सकता है। राज्य चुनावों के बाद बीजेपी सरकार की निरंतरता में विश्वास से बाजार में तेजी आने की उम्मीद है। बता दें कि देश में आम चुनाव अप्रैल-मई 2023 में होने वाले हैं।
Q2 में मुनाफा चार गुना होकर ₹1,756.13 करोड़
PNB का चालू वित्त वर्ष की सितंबर तिमाही में शुद्ध मुनाफा चार गुना होकर 1,756.13 करोड़ रुपये रहा था। प्रतिशत में बात करें तो यह वृद्धि 327 प्रतिशत की रही। इस दौरान ग्रॉस NPA का अनुपात घटकर 6.96 प्रतिशत पर आ गया, जबकि साल भर पहले यह 10.48 प्रतिशत था। घरेलू बाजार में सोमवार 4 दिसंबर को लगातार पांचवें दिन तेजी जारी है। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 1106.63 पॉइंट तक चढ़कर 67,481.19 के मार्क तक पहुंच गया। वहीं निफ्टी 334.6 पॉइंट तक चढ़कर 20,602.50 के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गया।