अब तक आए जून तिमाही के नतीजे काफी हद तक उम्मीद के मुताबिक और अच्छे रहे हैं। Reliance Securities के मुताबिक बीएसई 500 इंडेक्स में शामिल जिन कंपनियों ने अब तक अपने नतीजे जारी किए हैं उनमें से 65 फीसदी कंपनियों के रेवेन्यू में सालाना आधार पर 37 फीसदी , एबिटडा में सालाना आधार पर 23 फीसदी और मुनाफे में सालाना आधार पर 27 फीसदी की ग्रोथ देखने को मिली है। अभी तक पहली तिमाही के नतीजों में कोई बड़ी निराशा हाथ नहीं लगी है। तमाम कंपनियों के नतीजे उम्मीद से बेहतर रहे हैं। हालांकि निवेशकों को उम्मीद थी कि बढ़ती उत्पादन लागत के दबाव के चलते पहली तिमाही में कंपनियों के नतीजे कमजोर रह सकते हैं। लेकिन उम्मीद के विपरीत अब तक आए नतीजे काफी अच्छे रहे हैं। स्टील ,सीमेंट और कंज्यूमर कंपनियों पर लागत का सबसे दबाव दिखने का अंदाजा लगाया गया था लेकिन इनकी तरफ से भी निराशा हाथ नहीं लगी है। कुछ मामलों में तो अच्छे रियलाइजेशन और वॉल्यूम में आई जोरदार ग्रोथ के चलते एनालिस्ट के अनुमान से भी बेहतर नतीजे आए हैं।