PNB Fraud Case: पंजाब नेशनल बैंक (PNB) लोन धोखाधड़ी मामले में भगोड़े हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी को बेल्जियम में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 'इकोनॉमिक टाइम्स' की एक रिपोर्ट में यह दावा किया गया है। बताया जा रहा है कि 65 वर्षीय चोकसी को शनिवार (12 अप्रैल) को केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) के अनुरोध पर गिरफ्तार किया गया था। वह फिलहाल जेल में है। पुलिस ने चोकसी को गिरफ्तार करते समय मुंबई की एक अदालत द्वारा उसके खिलाफ जारी किए गए दो ओपन-एंडेड गिरफ्तारी वारंट का हवाला दिया। ये दोनों वारंट 23 मई 2018 और 15 जून 2021 को जारी किए गए थे। रिपोर्ट में कहा गया है कि चोकसी खराब स्वास्थ्य और अन्य कारणों का हवाला देते हुए जमानत की मांग कर सकता है।